विनोद लांबा, दिल्ली
Inkhabar Haryana, Anil Vij: हरियाणा की सान्या पांचाल, सोनीपत जिले के गांव रूखी की निवासी, ने कश्मीर से कन्याकुमारी तक मैराथन शुरू कर देश को एकता और महिलाओं को सशक्त बनाने का संदेश देने का बीड़ा उठाया है। उनकी इस साहसिक यात्रा को हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने न केवल सराहा, बल्कि उन्हें शुभकामनाएं देते हुए एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की।
महिलाओं को सशक्त करने का संदेश
सान्या ने अपनी इस मैराथन यात्रा की शुरुआत 13 दिसंबर को कश्मीर के लाल चौक से की और इसे अप्रैल तक कन्याकुमारी में समाप्त करने का लक्ष्य रखा है। उनका उद्देश्य महिलाओं को आगे आने के लिए प्रेरित करना, शहीद सैनिकों को सम्मान देना और हरियाणा का गौरव बढ़ाना है। सान्या का कहना है कि इस यात्रा के माध्यम से वह देश के विभिन्न हिस्सों की सांस्कृतिक विविधता को उजागर करते हुए यह संदेश देना चाहती हैं कि भारत एकता का प्रतीक है।
अम्बाला में हुआ जोरदार स्वागत
सान्या जब अपनी यात्रा के दौरान अम्बाला छावनी पहुंचीं, तो उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर श्री अनिल विज ने कहा, “यह मैराथन केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि एक नेक संदेश है। भारत में भिन्न-भिन्न धर्म, भाषाएं और जातियां हैं, लेकिन यह विविधता हमारी ताकत है।” उन्होंने नारियल का उदाहरण देते हुए कहा कि यह केरल में समुद्र किनारे उपजता है और कश्मीर में वैष्णो देवी के दरबार में चढ़ाया जाता है।
प्रोत्साहन और समर्थन
इस मौके पर सान्या के माता-पिता सुरेश और ऊषा, गांव रूखी के अन्य लोग और पांचाल समाज के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। श्री विज ने अपनी स्वैच्छिक कोष से सान्या को एक लाख रुपये की राशि देकर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास भारत की एकता और विविधता को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।