Inkhabar Haryana, Anil Vij: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अम्बाला छावनी को प्रदेश का सबसे बेहतरीन शहर बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि यह उनका जन्मस्थान है, यहीं उन्होंने शिक्षा प्राप्त की और यहीं से अपने करियर की शुरुआत की। इसलिए वह इस शहर का विकास सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं।
अम्बाला छावनी में अभूतपूर्व विकास
मंत्री अनिल विज ने कहा कि जब कुछ इलाके अम्बाला छावनी में शामिल नहीं थे, तब वहां सड़कें, स्ट्रीट लाइटें और सीवरेज जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं थीं। लेकिन जब ये क्षेत्र नगर परिषद के अंतर्गत आए, तो उन्होंने वहां व्यापक विकास कार्य करवाए। आज इन क्षेत्रों में सड़कों, पानी, बिजली और सीवरेज जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि वह वर्षों से अकेले अम्बाला छावनी का विकास कर रहे थे, लेकिन अब उन्हें नगर परिषद में भाजपा का प्रधान और 32 पार्षदों की जरूरत है, ताकि विकास की गति को और तेज किया जा सके। उन्होंने जनता से भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने की अपील की।
भाजपा के खिलाफ कोई पार्टी चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं कर सकी
अनिल विज ने दावा किया कि भाजपा के सामने न तो किसी राष्ट्रीय और न ही किसी प्रदेश स्तरीय पार्टी ने चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारे। उन्होंने कहा कि जब केंद्र और प्रदेश दोनों जगह भाजपा की सरकार है और अम्बाला छावनी से वह खुद भाजपा के विधायक हैं, तो नगर परिषद में भी भाजपा की जीत से विकास कार्यों में कोई रुकावट नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि मैं जनता से 66 आंखें और 66 हाथ मांगने आया हूं—एक प्रधान और 32 पार्षद, यानी कुल 33 लोगों के 66 हाथ विकास कार्य करने के लिए और निगरानी के लिए 66 आंखें चाहिए। मुझे पूरा भरोसा है कि जनता भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाएगी।
डोमेस्टिक एयरपोर्ट जल्द होगा ऑपरेशनल
मंत्री अनिल विज ने घोषणा की कि अम्बाला छावनी में डोमेस्टिक एयरपोर्ट जल्द ही चालू होगा। उन्होंने बताया कि अम्बाला से जम्मू, अयोध्या, श्रीनगर और लखनऊ के लिए फ्लाइट्स की अनुमति मिल चुकी है और कई प्रमुख एयरलाइंस यहां से अपनी सेवाएं शुरू करने की इच्छुक हैं। उन्होंने कहा कि जहां एयरपोर्ट बन जाता है, वहां विकास को पहिए लग जाते हैं।
सात बार विधायक बनने के बावजूद खुद का घर नहीं बनाया
अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी की जनता ने उन्हें सात बार विधायक बनाया, और वह हरियाणा में भाजपा के सबसे अधिक जीतने वाले विधायक हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने अपने कार्यकाल में छावनी के विकास के लिए पूरा जीवन समर्पित कर दिया और खुद के लिए घर तक नहीं बनाया। उन्होंने कहा कि मुझसे पहले जो विधायक और सांसद थे, उन्होंने अम्बाला छावनी की उपेक्षा की। तीन-तीन मुख्यमंत्रियों ने यहां अनाज मंडी के निर्माण के लिए शिलान्यास किए, लेकिन मंडी कभी नहीं बनी। मगर मैंने अपने कार्यकाल में इसे बनवाकर दिया।
छावनी में बड़े विकास कार्य पूरे किए
अनिल विज ने कहा कि 1857 की आजादी की पहली लड़ाई का स्मारक अम्बाला छावनी में बनाया जा रहा है। इसके अलावा, उन्होंने यहां एसडीएम ऑफिस, अंतरराष्ट्रीय स्तर का फुटबॉल स्टेडियम, ऑल वेदर स्विमिंग पूल, जिम्नास्टिक हॉल, बैडमिंटन हॉल और कई योगशालाओं का निर्माण करवाया है। उन्होंने सुभाष पार्क की जमीन को मुक्त करवा कर इसे एक बेहतरीन पार्क के रूप में विकसित किया। इसके अलावा, सिविल अस्पताल, अटल कैंसर केयर सेंटर, मल्टी-लेवल कार पार्किंग, बैंक स्क्वेयर, रिंग रोड और अन्य कई विकास कार्य पूरे किए हैं।
जनता से भाजपा के समर्थन की अपील
मंत्री अनिल विज ने कहा कि वह वर्षों से अकेले विकास के रथ को खींच रहे थे, लेकिन अब इसे और तेज गति देने के लिए वह जनता से भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “जनता किसी के बहकावे में न आए और भाजपा को भारी मतों से विजयी बनाए, ताकि अम्बाला छावनी का विकास बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ सके।”