Advertisement
Advertisement
होम / Anil Vij: “गांधी ग्राउंड में साइकिल ट्रैक को जल्द प्रारंभ करने के लिए साइकिलें उपलब्ध कराने के दिए निर्देश” – विज

Anil Vij: “गांधी ग्राउंड में साइकिल ट्रैक को जल्द प्रारंभ करने के लिए साइकिलें उपलब्ध कराने के दिए निर्देश” – विज

BY: • LAST UPDATED : January 12, 2025
Inkhabar Haryana, Anil Vij: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अम्बाला छावनी में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए नगर परिषद अधिकारियों और भाजपा पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सीवरेज लाइन, स्ट्रॉम वॉटर पाइप लाइन, मल्टीलेवल कार पार्किंग समेत अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा की गई।  विज ने इन कार्यों को शीघ्र पूरा करने के सख्त निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को जल्द ही इनसे लाभ मिल सके।

गांधी ग्राउंड में साइकिल ट्रैक की शुरुआत पर जोर

अनिल विज ने गांधी ग्राउंड में बनाए गए साइकिल ट्रैक को जल्द से जल्द चालू करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को वहां साइकिलें उपलब्ध कराने को कहा ताकि ट्रैक का उद्घाटन शीघ्र किया जा सके। यह ट्रैक लोगों के स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है।

मल्टीलेवल कार पार्किंग को किया प्राथमिकता में शामिल

बैठक के दौरान रेलवे रोड पर निर्माणाधीन मल्टीलेवल कार पार्किंग के टॉप फ्लोर पर शेड लगाने के निर्देश दिए गए। विज ने कहा कि शेड लगाने से टॉप फ्लोर का भी अधिकतम उपयोग हो सकेगा। साथ ही, उन्होंने कार लिफ्ट के कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

Advertisement

सीवरेज और स्ट्रॉम वॉटर पाइप लाइन के कार्यों की समीक्षा

विज ने छावनी क्षेत्र में डाली जा रही सीवरेज पाइप लाइन के कार्यों का निरीक्षण किया और जहां पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है, वहां सड़कों की मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा। इसके साथ ही बब्याल, खुड्‌डाखुर्द, मच्छौंडा और 12 क्रॉस रोड पर निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट्स (एसटीपी) की प्रगति पर भी चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि बब्याल में एसटीपी का निर्माण पूरा हो चुका है और बाकी स्थानों पर कार्य जल्द पूरा होगा।

सदर क्षेत्र में स्ट्रॉम वॉटर पाइप लाइन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। मंत्री ने पानी निकासी के लिए विभिन्न स्थानों पर लेवल चेक करने के निर्देश दिए और ईदगाह रोड पर गुडगुडिया नाले के किनारे दीवार निर्माण कार्य को जल्द शुरू करने की आवश्यकता बताई।

अन्य विकास कार्यों पर चर्चा

कैबिनेट मंत्री ने निगार सिनेमा के पास गली में डाली जा रही स्ट्रॉम वॉटर पाइप लाइन और बिजली के पोल शिफ्ट करने के मुद्दे पर भी चर्चा की। इसके अलावा, बैंक स्क्वेयर के सामने बिजली की तारों को हटाने के आदेश दिए। बैठक में उपस्थित अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में उपस्थित अधिकारी और नेता

इस समीक्षा बैठक में नगर परिषद के ईओ रविंद्र कुहार, एक्सईएन मनदीप सिंह समेत कई अन्य अधिकारी शामिल रहे। भाजपा नेता विजेंद्र चौहान, किरणपाल चौहान, ललता प्रसाद, सुरेंद्र बिंद्रा और अन्य स्थानीय पदाधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।

Tags:

Anil Vij