Advertisement
Advertisement
होम / Anil Vij News: जनता की समस्याओं पर सख्त हुए अनिल विज, अधिकारियों को लगाई फटकार

Anil Vij News: जनता की समस्याओं पर सख्त हुए अनिल विज, अधिकारियों को लगाई फटकार

BY: • LAST UPDATED : December 3, 2024

Inkhabar Haryana, Anil Vij News: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने सोमवार को अम्बाला छावनी में आयोजित जनता कैंप में सैकड़ों लोगों की शिकायतों को सुना और विभिन्न विभागीय अधिकारियों को फटकार लगाते हुए जल्द समाधान के निर्देश दिए। जनता कैंप में पेंशन, बिजली और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं।

अधिकारी को लगाई फटकार

जनता कैंप के दौरान एक बुजुर्ग दंपत्ति ने मंत्री अनिल विज से शिकायत की कि पेंशन विभाग के कई चक्कर लगाने के बावजूद उनकी पेंशन शुरू नहीं हुई। इस पर नाराजगी जताते हुए विज ने पेंशन अधिकारी को फटकार लगाई और कहा कि आपका विभाग नौकरी के साथ लोगों की सेवा के लिए है। यदि कार्यालय में भी सुनवाई नहीं हो रही, तो यह शर्म की बात है। उन्होंने तुरंत बुजुर्ग दंपत्ति की पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में बढ़ती चोरियों के मामलों में कार्रवाई नहीं होने पर मंत्री ने चौकी इंचार्ज को बदलने के निर्देश दिए। वहीं, लालकुर्ती क्षेत्र में बदमाशों द्वारा दंपत्ति को धमकाने की शिकायत पर उन्होंने पड़ाव थाने के एसएचओ को कड़ी फटकार लगाई और कहा कि मैं अम्बाला छावनी में गुंडागर्दी नहीं चलने दूंगा। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

Advertisement

छात्राओं के लिए शुरू होगी पिंक बस सेवा

कैंप में आई एक शिकायत में छात्राओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया गया। परिवहन मंत्री ने इस पर अम्बाला से मुलाना तक छात्राओं के लिए विशेष पिंक बस चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह बस सेवा केवल छात्राओं के लिए होगी, जिससे वे यात्रा के दौरान सुरक्षित महसूस कर सकें।

बता दें कि, एक महिला ने जमीन खरीदने के बाद धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए बताया कि आरोपी ने रजिस्ट्री के लिए अतिरिक्त एक लाख रुपये की मांग की है। इस पर अनिल विज ने एसडीएम अम्बाला छावनी को मामले की जांच के आदेश दिए।

बच्ची पर पेट्रोल फेंकने के मामले में जल्द कार्रवाई के निर्देश

जनता कैंप में एक महिला ने शिकायत की कि कुछ बदमाशों ने उसकी बच्ची पर पेट्रोल फेंककर आग लगाने की कोशिश की। मंत्री ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए महेशनगर थाने के एसएचओ को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अम्बाला छावनी की सड़कों पर खराब स्ट्रीट लाइटों की शिकायत पर मंत्री ने पंचायती राज विभाग के एक्सईएन को लताड़ लगाई। उन्होंने कहा कि लाइटें ठीक कराओगे या मैं जांच करवाऊं? उन्होंने तुरंत सभी लाइटें ठीक कराने के निर्देश दिए।

ऑनलाइन धोखाधड़ी और अन्य समस्याओं पर निर्देश

महिला से टूर पैकेज के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी, प्रताप नगर में नाले के अंदर बिजली के पोल, प्रोफेसर कॉलोनी में खराब सड़कें और खोजकीपुर में तालाब पर अवैध कब्जे जैसी शिकायतों पर भी अनिल विज ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।

मंत्री का सख्त संदेश

कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने जनता कैंप के दौरान स्पष्ट किया कि प्रशासनिक लापरवाही को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम जनता के सेवक हैं, जनता को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। इस अवसर पर अम्बाला छावनी के एसडीएम सतेंद्र सिवाच, डीएसपी रजत गुलिया, विभिन्न विभागीय अधिकारी और भाजपा नेता भी मौजूद रहे।