




Inkhabar Haryana, Anil Vij News: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज की अध्यक्षता में सिरसा में जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कुल 17 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 9 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया तथा शेष 8 शिकायतों पर कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। बैठक में सरकारी जमीन हड़पने, फर्जी रिकॉर्ड बनाने और अन्य गंभीर मामलों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए।
रानियां निवासी निर्मला देवी की शिकायत पर चर्चा करते हुए मंत्री विज ने आदेश दिया कि उनके नक्शे को पहले पास किया गया और बाद में उसे अनअप्रूव्ड दिखाने के मामले में गहन जांच हो। उन्होंने संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। वहीं, सरकारी जमीन हड़पने और फर्जी रिकॉर्ड तैयार करने की शिकायत पर एसडीएम को जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
ऐलनाबाद निवासी सुल्तान की शिकायत पर मंत्री ने प्लॉट यूनिट नंबर में बदलाव की जांच के लिए एसआईटी गठित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, बुढाभाणा निवासी अनूप सिंह की शिकायत पर मंत्री ने उनके खेत को समतल करने या उचित मुआवजा देने का आदेश दिया।
बैठक के दौरान गांव बणी निवासी सोहन लाल ने अपने घर में घुसकर मारपीट और रास्ता रोकने की शिकायत की। इस पर मंत्री ने पुलिस को निर्देश दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसी प्रकार, फतेहपुर जोतावांली के संजय कुमार द्वारा गलत साइफन निर्माण की शिकायत पर दो सदस्यीय समिति से जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष शीशपाल कंबोज, विधायक गोकुल सेतिया, उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मंत्री विज ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लिया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।




