




Inkhabar Haryana, Anil Vij on Ambala Airport Inauguration: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने शनिवार को अंबाला कैंट स्थित निर्माणाधीन घरेलू हवाई अड्डे का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। दौरे के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया, लेकिन कुछ बचे हुए कार्यों पर नाराज़गी भी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य 15 अगस्त से पहले हर हाल में पूरे कर लिए जाएं, क्योंकि इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा स्वतंत्रता दिवस के आसपास प्रस्तावित है।
मंत्री अनिल विज ने कहा कि यह हवाई अड्डा सिर्फ अंबाला के लिए नहीं, बल्कि हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों के लिए भी एक अहम कनेक्टिविटी हब बनकर उभरेगा। अंबाला से अयोध्या, जम्मू, श्रीनगर और लखनऊ जैसे धार्मिक व रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहरों के लिए हवाई सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है, जिससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को सीधी और सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने विशेष रूप से हवाई अड्डे पर सुरक्षा उपकरणों की स्थापना, स्वच्छता व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर पहलू को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए ताकि उद्घाटन के दिन कोई कमी न रह जाए।
मंत्री विज के साथ मौके पर मौजूद डिप्टी कमिश्नर अजय सिंह तोमर, नगर निगम आयुक्त सचिन गुप्ता और पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता रितेश अग्रवाल को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे स्वच्छता, सुरक्षा और आवश्यक कर्मचारियों की तैनाती जैसे पहलुओं पर तत्काल प्रभाव से कार्यवाही करें। उन्होंने चेताया कि किसी भी स्तर पर ढिलाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




