Inkhabar Haryana, Anil vij on Independence Day 2025: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने यमुनानगर की अनाज मंडी में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर मंच पर मेयर सुमन बहमनी, पूर्व मेयर मदन चौहान, पूर्व गृह सचिव एस.एस. प्रसाद (आईएएस) और श्रीमती रंजू प्रसाद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
सूची में नाम को लेकर बनी चर्चा
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में ध्वजारोहण के लिए जारी हुई पहली सूची में अनिल विज का नाम शामिल नहीं था, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई। बाद में जब दूसरी और तीसरी सूची जारी हुई, तो विज को यमुनानगर में तिरंगा फहराने की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस विषय पर जब पत्रकारों ने उनसे सवाल पूछा, तो उन्होंने सहजता से उत्तर देते हुए कहा कि नाम चाहे दूसरी या तीसरी सूची में आया हो, लेकिन अगर मुझे चंद्रमा पर भी तिरंगा फहराने भेजा जाएगा, तो मैं खुशी-खुशी जाऊंगा। यमुनानगर तो हमारा पड़ोसी जिला है और यहां ध्वजारोहण करना मेरे लिए गर्व की बात है।
विभाजन के दर्द पर संवेदनशील संदेश
कार्यक्रम के दौरान अनिल विज ने अपने संबोधन में देश के बंटवारे के ऐतिहासिक दर्द पर भी विचार रखे। उन्होंने कहा कि विभाजन का दर्द केवल उन परिवारों तक सीमित नहीं होना चाहिए, जिन्होंने सीधे तौर पर इसे झेला है, बल्कि यह दर्द पूरे देश के 140 करोड़ नागरिकों को महसूस होना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि हिंदुस्तान का बंटवारा धर्म के आधार पर हुआ था, जो इतिहास की एक गहरी चोट है और जिसे याद रखना और उससे सीख लेना जरूरी है।
जनता में उत्साह और देशभक्ति का माहौल
ध्वजारोहण समारोह में स्थानीय लोगों का जोश देखने लायक था। अनाज मंडी परिसर देशभक्ति के गीतों, तिरंगे झंडों और नारों से गूंज उठा। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी एकसाथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियों में शामिल हुए।