Inkhabar Haryana, Anil Vij on Swimming Pool Closure in Ambala: गर्मियों की तपिश में जहां एक ओर खेल प्रेमियों और खासकर तैराकी के शौकीन बच्चों के लिए स्विमिंग एक राहत का जरिया होती है, वहीं अंबाला छावनी के वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में स्थित ऑल वेदर स्विमिंग पूल का लंबे समय से बंद रहना खेल प्रतिभाओं के लिए चिंता का विषय बना हुआ था। लेकिन अब इस दिशा में बड़ी पहल होती दिखाई दे रही है।
बच्चों की शिकायत पर हरकत में आए मंत्री विज
आज सुबह अंबाला में कुछ तैराकी करियर की चाह रखने वाले बच्चों ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल विज से मुलाकात की और उन्हें बताया कि स्टेडियम में बना अंतरराष्ट्रीय स्तर का ऑल वेदर स्विमिंग पूल लंबे समय से बंद पड़ा है। इस पर मंत्री विज ने त्वरित संज्ञान लेते हुए बच्चों की बात को गंभीरता से लिया और वहीं से हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौत्तम को फोन कर इस मसले पर चर्चा की।
विज ने खेल मंत्री को लगाई फटकार
मंत्री अनिल विज ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि यह स्विमिंग पूल उन्हीं के प्रयासों से बनवाया गया था, और यह सुनकर वह हैरान रह गए कि आज वह सुविधा ही बच्चों को नहीं मिल रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में खेल मंत्री से कहा कि इतने आधुनिक और महंगे पूल का यूं बंद रहना गलत है। साथ ही उन्होंने इस लापरवाही के लिए ज़िम्मेदार जिला खेल अधिकारी (DSO) के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की।
अनिल विज ने आगे बताया कि चूंकि टेंडर प्रक्रिया में समय लगता है, इसलिए उन्होंने खेल मंत्री से आग्रह किया कि इस स्विमिंग पूल को टेंडर प्रक्रिया के बिना ही सरकार द्वारा स्वयं संचालित किया जाए। इस पर खेल मंत्री गौरव गौत्तम ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा, “विज साहब, आप बच्चों को कह दीजिए कि आज शाम से स्विमिंग पूल चालू हो जाएगा और अब इसे सरकार खुद चलाएगी।”
क्या हैं स्विमिंग पूल का इतिहास और महत्व
उल्लेखनीय है कि वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में स्थित यह ऑल वेदर स्विमिंग पूल हरियाणा के सबसे अत्याधुनिक स्विमिंग स्थलों में से एक है। इसे खासतौर पर सर्दी और गर्मी दोनों मौसमों में चलने लायक बनाया गया है। पूल के साथ एक वार्मअप स्विमिंग पूल भी निर्मित किया गया है। इस पूल में खेलो इंडिया जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं भी हो चुकी हैं।
पूर्व निरीक्षण में भी मिले थे खामियां
करीब दो महीने पहले खेल मंत्री गौरव गौत्तम स्वयं अंबाला आए थे और उन्होंने इस स्टेडियम का दौरा किया था। उस समय उन्होंने जिम्नास्टिक हॉल, स्विमिंग पूल और फुटबॉल ग्राउंड की हालत पर असंतोष जताया था और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए सुधार के निर्देश भी दिए थे। स्वाभाविक है कि मंत्री विज के त्वरित हस्तक्षेप और खेल मंत्री के आश्वासन के बाद अब स्विमिंग पूल के पुनः चालू होने से तैराकी से जुड़े खिलाड़ियों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल है। लंबे इंतजार के बाद अब गर्मियों की छुट्टियों में बच्चे और खिलाड़ी एक बार फिर से प्रशिक्षण ले सकेंगे और अपनी तैयारियों को रफ्तार दे सकेंगे।
–