Inkhabar Haryana, Anil Vij on Tiranga Yatra: स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले अंबाला देशभक्ति के रंग में रंग गया। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने बुधवार को अंबाला छावनी में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया, जिसमें हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। यह यात्रा न सिर्फ शहर के प्रमुख मार्गों से गुज़री, बल्कि पूरे माहौल को वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारों से गूंजा दिया।
तेज धूप में भी लोगों का जोश नहीं हुआ कम
सुबह से ही अंबाला छावनी की अग्गरवाल धर्मशाला में कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। तेज धूप और लगभग 35 डिग्री तापमान के बावजूद लोगों का जोश कम नहीं हुआ। दोपहर को अनिल विज खुली जीप में तिरंगा लहराते हुए यात्रा के लिए रवाना हुए। यात्रा अग्गरवाल धर्मशाला से शुरू होकर अंबाला छावनी के मुख्य बाजारों से होते हुए गुज़री। रास्ते भर मंत्री विज कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह भरते हुए “वंदे मातरम” के नारे लगाते रहे।
जगह-जगह अनिल विज का हुआ स्वागत
खुले वाहन में सफर करते हुए अनिल विज ने रास्ते में मिलने वाले हर व्यक्ति का अभिवादन स्वीकार किया। जगह-जगह लोग तिरंगे और फूलों से उनका स्वागत करते दिखाई दिए। यह तिरंगा यात्रा न सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम थी, बल्कि लोगों को स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति के भाव से जोड़ने का प्रयास भी था।
मीडिया से बातचीत में अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर देशभर में स्वतंत्रता दिवस से पहले तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तिरंगा यात्रा का उद्देश्य है कि देश के हर नागरिक में देशभक्ति का जज़्बा और भी प्रबल हो। पूरे देश में आज जो उत्साह है, वह यह दिखाता है कि लोग किस तरह आज़ादी के पर्व को मनाने के लिए तैयार हैं।