




Inkhabar Haryana, Anil Vij: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अम्बाला छावनी में डोमेस्टिक एयरपोर्ट निर्माण को एक असंभव कार्य बताया और इसे संभव करने के लिए किए गए संघर्ष पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी, जिससे न केवल लोगों को सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
अनिल विज ने अम्बाला छावनी में डोमेस्टिक एयरपोर्ट पर विमान सेवा शुरू करने के लिए सिविल एविएशन, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI), पुलिस, और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ एक संयुक्त बैठक की। बैठक में नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। अनिल विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एयरपोर्ट पर लंबित कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए और इसके संचालन के लिए आवश्यक एमओयू पर जल्द हस्ताक्षर किए जाएं।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने निर्देश दिए कि 28 फरवरी तक एयरपोर्ट से संबंधित सभी छोटे-बड़े कार्य पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्यों को पूरा करना होगा ताकि विमान सेवा जल्द शुरू हो सके।
सिविल एविएशन एडवाइजर डॉ. नरहरि सिंह बांगड़ ने बताया कि अम्बाला छावनी से अयोध्या, लखनऊ और अन्य शहरों के लिए सामान्य फ्लाइट्स चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस एयरपोर्ट का संचालन क्षेत्र के विकास और परिवहन के नए आयाम स्थापित करेगा।
डॉ. नरहरि सिंह ने मंत्री अनिल विज के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने एक असंभव कार्य को संभव कर दिखाया है। उन्होंने बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की और बताया कि अगले सप्ताह नागरिक उड्डयन मंत्री की अध्यक्षता में एक और बैठक प्रस्तावित है, जिसमें शेष तकनीकी मुद्दों का समाधान किया जाएगा।
अनिल विज ने एयरपोर्ट पर बैगेज स्कैनर मशीन और अन्य उपकरणों का निरीक्षण किया और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जाए और विमान सेवा प्रारंभ करने में कोई देरी न हो।




