




Inkhabar Haryana, Anil Vij: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि विपक्ष बौखला गया है और वह अपनी जिम्मेदारी वाली भूमिका अदा नहीं कर पा रहा है। उन्होंने लोकसभा और राज्यसभा में गांधी परिवार के जॉर्ज सोरस के साथ कथित संबंधों की चर्चा को विपक्ष के बौखलाहट का कारण बताया। विज ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष विदेशी ताकतों के हाथों खेल रहा है और उनकी रणनीति विदेशी इशारों पर तय हो रही है।
विज ने विपक्ष द्वारा उपराष्ट्रपति के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर कहा कि यह एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा है। विज ने कहा कि पहले कभी उपराष्ट्रपति पर पक्षपात का आरोप नहीं लगाया गया था, लेकिन अब ये बातें एक योजनाबद्ध तरीके से कही जा रही हैं।
किसानों के मुद्दे पर विज ने स्पष्ट किया कि भाजपा के मंत्रियों ने लगातार किसानों से बातचीत की है। उन्होंने कहा कि अब माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित समिति इस पर बात कर रही है। विज ने यह भी जोर दिया कि केंद्र सरकार किसानों के साथ संवाद स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध रही है।
‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ के मुद्दे पर विज ने इसे देश के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय देश को आगे ले जाएगा। बार-बार चुनावों के कारण विकास कार्य प्रभावित होते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह पहल राष्ट्र को 2047 तक विकसित बनाने की सोच को दर्शाती है। विज ने देशवासियों से इस पहल का स्वागत करने की अपील की।
विज ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हुड्डा की असली जगह जेल में है। उनके खिलाफ चल रहे मामलों का अध्ययन करने के बाद मुझे विश्वास है कि वे जेल जाएंगे। हालांकि, कब और कितनी अवधि के लिए, यह अदालत तय करेगी।
बिजली विभाग से जुड़ी शिकायतों पर विज ने कहा कि विभाग की लापरवाही से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए नियम बनाए जाएंगे। हाई टेंशन तारों के नीचे कालोनियों के निर्माण को उन्होंने गंभीर समस्या बताया और इस पर सख्त कदम उठाने की बात कही।
जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक के दौरान विज ने कहा कि उनका प्रयास है कि लोगों को बार-बार शिकायतों के लिए चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों पर समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई की जाए।
विज ने कहा कि जनता ने पहले से ही भाजपा की सरकार को स्वीकार किया था। हुड्डा पिता-पुत्र की गतिविधियों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि वे पांच साल तक कोशिश करते रहें, लेकिन जनता ने उन्हें घर बैठा दिया है।
बैठक के बाद विज ने बाहर इंतजार कर रहे लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं पर अधिकारियों को निर्देश दिए। विज ने कहामेरा उद्देश्य है कि जनता को इंसाफ मिले और उन्हें बार-बार न्याय के लिए संघर्ष न करना पड़े।




