Advertisement
Advertisement
होम / Atal Kisan Majdoor Canteen: “अटल किसान मजदूर कैंटीन” का शाहाबाद अनाज मंडी में हुआ शुभारंभ, किसानों और मजदूरों को मिलेगा रियायती दरों पर पोषक भोजन

Atal Kisan Majdoor Canteen: “अटल किसान मजदूर कैंटीन” का शाहाबाद अनाज मंडी में हुआ शुभारंभ, किसानों और मजदूरों को मिलेगा रियायती दरों पर पोषक भोजन

BY: • LAST UPDATED : May 1, 2025
Inkhabar Haryana, Atal Kisan Majdoor Canteen: हरियाणा के कुरुक्षेत्र के शाहाबाद उपमंडल स्थित अनाज मंडी में कल एक महत्वपूर्ण पहल के तहत अटल किसान मजदूर कैंटीन का उद्घाटन किया गया। इसका उद्घाटन राज्य के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा और समाजसेवी मास्टर सुभाष कलसाना ने संयुक्त रुप से किया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में किसान, मजदूर तथा स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस कैंटीन के माध्यम से किसानों और मजदूरों को बेहद रियायती दरों पर भोजन मुहैया कराया जाएगा, जिससे मंडी में कार्यरत श्रमिकों और खेतिहर मजदूरों को सीधा लाभ मिलेगा।

राजनीतिक तंज भी आया सामने

मीडिया से बातचीत में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अभी तक अपने नेता प्रतिपक्ष का चुनाव भी नहीं कर पाई है, वह विपक्ष की भूमिका कैसे निभाएगी? उनका यह बयान साफ दर्शाता है कि हरियाणा की राजनीति में विपक्ष की सक्रियता और प्रभाव को लेकर सत्ता पक्ष आत्मविश्वास से भरा हुआ है।

गेहूं खरीद पर दी जानकारी

कृषि मंत्री ने जानकारी दी कि अब तक राज्य में 65 लाख मैट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने न केवल खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और तेज बनाया है, बल्कि मंडियों से अनाज के उठान कार्य को भी बेहतरीन ढंग से अंजाम दिया जा रहा है। राणा ने यह भी दावा किया कि मौजूदा सरकार ने किसानों के हित में अनेक सुविधाएं सुनिश्चित की हैं, जिससे राज्य के अन्नदाताओं को वास्तविक लाभ मिल रहा है।