Advertisement
Advertisement
होम / Bahadurgarh News: बहादुरगढ़ में सरकारी विभागों पर 10 करोड़ से ज्यादा प्रॉपर्टी टैक्स बकाया, नगर परिषद ने शुरू की सख्त कार्रवाई

Bahadurgarh News: बहादुरगढ़ में सरकारी विभागों पर 10 करोड़ से ज्यादा प्रॉपर्टी टैक्स बकाया, नगर परिषद ने शुरू की सख्त कार्रवाई

BY: • LAST UPDATED : May 1, 2025
Inkhabar Haryana, Bahadurgarh News: बहादुरगढ़ नगर परिषद ने प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली को लेकर बड़ी कार्रवाई शुरू की है। शहर के कई सरकारी विभागों पर करीब 10 करोड़ रुपए से अधिक का टैक्स बकाया है, जिसे लेकर परिषद ने एक के बाद एक नोटिस जारी करना शुरू कर दिया है। खास बात यह है कि इस बार वसूली अभियान को लेकर परिषद पूरी तरह गंभीर नजर आ रही है और एक विशेष अधिकारी की ड्यूटी भी टैक्स वसूली के लिए लगाई गई है।

सबसे ज्यादा बकाया रेडक्रॉस सोसाइटी पर

नगर परिषद के अनुसार, सबसे अधिक प्रॉपर्टी टैक्स इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी पर बकाया है। बहादुरगढ़ के MIE एरिया में रेडक्रॉस की 65,294 स्क्वेयर यार्ड की इंस्टिट्यूशनल प्रॉपर्टी पर कुल 2 करोड़ 21 लाख 91 हजार 928 रुपए का टैक्स बनता है। वसूली के लिए रेडक्रॉस को नोटिस थमा दिया गया है। इसके अलावा पुलिस विभाग पर 1 करोड़ 2 लाख 15 हजार 668 रुपए और सिंचाई विभाग पर 99 लाख 60 हजार 876 रुपए का टैक्स बकाया है। दोनों विभागों को भी नगर परिषद की ओर से नोटिस जारी किए जा चुके हैं।

भारतीय रेलवे और अन्य बड़े विभाग भी बकायेदार

प्रॉपर्टी टैक्स बकाया की सूची में भारतीय रेलवे भी शामिल है, जिस पर 75 लाख 75 हजार 560 रुपए का बकाया है। इसके अलावा हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम: 74.43 लाख, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण: 65.03 लाख, स्पोर्ट्स एवं यूथ अफेयर विभाग: 46.60 लाख, ट्रांसपोर्ट विभाग: 10.65 लाख, पीडब्ल्यूडी: 9.19 लाख, हरियाणा रोडवेज: 8.66 लाख, फायर सर्विसेज: 3.77 लाख, महिला एवं बाल कल्याण विभाग: 6.71 लाख, एक्साइज और टैक्सेशन विभाग: 12.78 लाख, सोशल जस्टिस विभाग: 5.19 लाख, पब्लिक हेल्थ विभाग: 7.22 लाख, बीएसएनएल: 4.66 लाख, पंचायती राज विभाग: 16.18 लाख, टूरिज्म विभाग: 2.36 लाख, हाउसिंग बोर्ड: 14 हजार, हरियाणा कृषि मार्केटिंग बोर्ड: 4,698 रुपए, रेवेन्यू विभाग: सिर्फ 3,656 रुपए हैं।

Advertisement

प्राइवेट स्कूलों को भी नोटिस

सरकारी विभागों के अलावा प्राइवेट स्कूलों को भी नगर परिषद की ओर से नोटिस जारी किए गए हैं। परिषद का कहना है कि इस बार के बजट में प्रॉपर्टी टैक्स वसूली का टारगेट बढ़ाया गया है, जिसके चलते अभियान को अभी से तेज कर दिया गया है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय रोहिल्ला ने बताया कि टैक्स वसूली के लिए एक अधिकारी की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि टैक्स से मिलने वाली राशि को शहर के विकास कार्यों में उपयोग किया जाएगा।