




Inkhabar Haryana, Bhiwani Girl Suicide Case: हरियाणा के गुरुग्राम में बेटी दीक्षा की मौत को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस मामले में पूर्व मंत्री जेपी दलाल ने बड़ा बयान देते हुए लोहारू के कांग्रेस विधायक राजबीर सिंह फरटिया और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जेपी दलाल ने कहा कि उनकी बेटी दीक्षा की मौत के पीछे राजबीर के परिवार का हाथ है।
जेपी दलाल ने यह भी कहा कि राजबीर सिंह फरटिया इस मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं। जेपी दलाल ने स्पष्ट किया कि यह एक गंभीर आपराधिक मामला है और इसे राजनीति से जोड़कर मामले को भटकाने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और राजबीर को जांच में सहयोग देना चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि मृतक बेटी राजबीर के गांव की रहने वाली थी और इस पूरे प्रकरण में राजबीर के साले और उनके बेटे आरोपी हैं। उन्होंने कहा कि राजबीर बाहुबली हैं और उनके इशारे पर उनके सहयोगी मंत्री कृष्ण बेदी की गाड़ी का घेराव भी किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि राजबीर को इस मामले में अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए।
जेपी दलाल ने हरियाणा में बेटियों की शिक्षा मुफ्त होने का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि जिस कॉलेज में दीक्षा पढ़ रही थी, वहां फीस क्यों ली जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक राजबीर इस पूरे मामले में राजनीतिक षड्यंत्र रचने का प्रयास कर रहे हैं।
जेपी दलाल ने कहा कि इस दुखद घटना में भाजपा सरकार और वह स्वयं पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने कांग्रेस विधायक राजबीर से आग्रह किया कि वह मामले की जांच में पुलिस का सहयोग करें और इसे राजनीतिक रंग देने से बचें। गौरतलब है कि एक दिन पहले कांग्रेस विधायक राजबीर सिंह फरटिया ने इस मामले में जेपी दलाल का नाम लिया था। राजबीर ने दावा किया था कि इस घटना के पीछे जेपी दलाल का हाथ है।




