Inkhabar Haryana, Bhiwani News: आज के समय में जब आए दिन चोरी-चकारी और लापरवाही की घटनाएं सुनने को मिलती हैं, वहीं भिवानी रोडवेज के कर्मचारियों ने यह साबित कर दिया कि ईमानदारी आज भी जिंदा है। रोडवेज डिपो के चालक और परिचालक ने यात्री का पैसों से भरा थैला सुरक्षित लौटाकर समाज में एक मिसाल पेश की है।
क्या हैं पूरा मामला?
रविवार शाम करीब सवा चार बजे बवानीखेड़ा निवासी राकेश अपने बच्चों के साथ हिसार जाने के लिए भिवानी डिपो की बस में सवार हुए। सफर पूरा करने के बाद राकेश अपने परिवार सहित हिसार बस अड्डे पर उतर गए। जल्दबाजी में वे अपना नकदी से भरा बैग बस की सीट पर ही भूल गए।
बस रुकने के बाद चालक नवीन शर्मा और परिचालक आज़ाद ने नियमित जांच के दौरान एक सीट पर रखा सामान देखा। उन्होंने तुरंत बैग को सुरक्षित किया और रोडवेज कर्मचारियों के व्हाट्सएप ग्रुप में इसकी सूचना साझा कर दी। इसी बीच राकेश को जब अपने बैग के गायब होने का एहसास हुआ, तो उन्होंने अपने एक परिचित रोडवेज कर्मचारी को सूचना दी। उनके परिचित ने भी ग्रुप में संदेश साझा किया, जिससे तुरंत बैग की पहचान हो गई।
यात्री को बैग सौंपा गया
भिवानी बस अड्डा इंचार्ज अजय शर्मा ने यात्री को आश्वासन दिया कि अगली सुबह बैग लौटा दिया जाएगा। निर्धारित समय पर राकेश भिवानी बस अड्डे पहुंचे और शिनाख्त करने के बाद चालक नवीन शर्मा और परिचालक आज़ाद ने उनका बैग उन्हें सौंप दिया। बैग में रखे 10 हजार रुपये और अन्य जरूरी सामान सुरक्षित थे। बैग पाकर राकेश भावुक हो उठे और रोडवेज कर्मचारियों की ईमानदारी की सराहना करते हुए उनका दिल से आभार जताया।