




Inkhabar Haryana, BJP membership Campaign: भाजपा ने हरियाणा में अपने सदस्यता अभियान को एक नई दिशा देने के लिए 23 और 24 नवंबर को विशेष तीव्र अभियान की घोषणा की है। इस अभियान का लक्ष्य 2 दिनों में 20 लाख नए सदस्य बनाना है। अब तक पार्टी ने लगभग 12 लाख सदस्यों को जोड़ चुकी है और प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बडौली का दावा है कि वे जल्द ही 50 लाख सदस्य बनाने का रिकॉर्ड भी तोड़ेंगे।
मोहनलाल बडौली ने कहा कि भाजपा का वाक्य ‘देश प्रथम, पार्टी द्वितीय’ है और इसी सिद्धांत के तहत कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को पार्टी की नीतियों से अवगत करा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय सदस्य बनाने के लिए प्रेरित करेगी और जो सदस्य ज्यादा संख्या में सदस्य बनवाएंगे, उन्हें पार्टी में सम्मानित किया जाएगा और संगठन में प्रमुख पद दिए जाएंगे।
सदस्यता अभियान में सांसदों, विधायकों और चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सांसदों को 30,000 और विधायकों को 20,000 सदस्य जोड़ने का लक्ष्य सौंपा गया है। सीएम नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष बडौली ने सभी नेताओं से जल्द अपने लक्ष्य पूरे करने की अपील की है।
प्रदेश के मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने बताया कि अभियान की रोजाना रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष के पास पहुंच रही है, जिससे अभियान की प्रगति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इस विशेष अभियान के बाद भी सदस्यता अभियान जारी रहेगा और भाजपा 50 लाख सदस्य बनाने के अपने लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।




