Inkhabar Haryana, C.R. Patil: भारत की अर्थव्यवस्था और जल संसाधनों को लेकर महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस की। इस दौरान उन्होंने बजट 2025, जल संरक्षण, किसानों के हित और SYL मामले पर कई अहम बातें साझा कीं। साथ ही, यमुना नदी की सफाई को लेकर उठे सवालों पर उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी।
हरियाणा को 76,000 करोड़ की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल में केंद्रीय वित्त मंत्री ने बजट पेश किया, जिसमें जल शक्ति मंत्रालय को 67,000 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। मंत्री पाटिल ने बताया कि सरकार 2028 तक हर घर को शुद्ध जल उपलब्ध कराने के लक्ष्य पर काम कर रही है। अब तक 15 करोड़ घरों में शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा चुका है।
मंत्री पाटिल ने हरियाणा के विकास को लेकर भी बड़ी घोषणाएँ कीं। इस बजट में हरियाणा को 76,000 करोड़ रुपये दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में जल संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, क्योंकि भूजल स्तर गिरने से कई क्षेत्र डार्क ज़ोन में आ गए हैं। इन चिन्हित क्षेत्रों में जल स्तर बनाए रखने के लिए सरकार विशेष योजनाएं लागू कर रही है।
किसानों को लेकर सरकार संवेदनशील
प्रेस कॉन्फ़्रेंस में किसान सम्मान निधि योजना को लेकर भी चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत देशभर में 10 करोड़ किसानों को लाभ मिला है। अकेले हरियाणा में 13.8 लाख किसानों को इसका सीधा लाभ मिला है। सरकार किसानों की भलाई के लिए निरंतर काम कर रही है और उन्हें हर संभव सहायता दी जा रही है।
मंत्री पाटिल ने भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण बातें कहीं। उन्होंने बताया कि पिछले दस वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था पांचवें स्थान पर पहुंच चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाया जाए।
SYL मामले पर केंद्र सरकार की पहल
SYL (सतलुज-यमुना लिंक नहर) को लेकर हरियाणा और पंजाब के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। इस पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार दोनों राज्यों के साथ बैठकर संवाद के ज़रिये इस समस्या का समाधान निकालने का प्रयास कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि हरियाणा सरकार ने इस मामले को सुप्रीम कोर्ट में उठाया था और अब केंद्र सरकार इसमें मध्यस्थता कर रही है।
यमुना की सफाई को लेकर सरकार प्रतिबद्ध
यमुना में प्रदूषण और ज़हर मिलाने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री पाटिल ने कहा कि मैं 16 साल से दिल्ली का पानी पी रहा हूं और पूरी तरह स्वस्थ हूं। अगर यमुना में ज़हर होता, तो मैं यहाँ आपके सामने नहीं बैठा होता। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि यमुना 90% दिल्ली में कचरे और अन्य कारणों से गंदी हुई है। लेकिन सरकार ने जिस तरह गंगा नदी की सफाई की है, उसी तरह यमुना को भी स्वच्छ बनाया जाएगा।