Inkhabar Haryana, CET 2025 UMC rule: हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने आगामी CET 2025 परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण और सख्त निर्णय लिया है। आयोग ने नक़ल पर पूरी तरह लगाम कसने के लिए ऐलान किया है कि जो भी अभ्यर्थी परीक्षा के दौरान नक़ल या अनुचित साधनों का प्रयोग करता हुआ पकड़ा जाएगा, उस पर 5 साल तक आयोग की किसी भी परीक्षा में भाग लेने पर प्रतिबंध रहेगा।
26-27 जुलाई को होगी CET परीक्षा
हरियाणा में 26 और 27 जुलाई 2025 को सामान्य पात्रता परीक्षा (CET) का आयोजन किया जाना है। इस परीक्षा में लगभग 13 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होने जा रहे हैं। इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए आयोग ने नक़ल और अनुचित गतिविधियों को रोकने के लिए यह कड़ा निर्णय लिया है।
पहली बार लागू होगा UMC नियम
आयोग ने जानकारी दी है कि इस बार पहली बार परीक्षा में UMC (Unfair Means Case) बनाने की व्यवस्था की गई है। अगर कोई अभ्यर्थी परीक्षा के दौरान नक़ल करते हुए पकड़ा जाता है, तो उस पर तुरंत UMC दर्ज किया जाएगा। यह नियम परीक्षा के दौरान ही नहीं, बल्कि परीक्षा के बाद भी लागू रहेगा।
CCTV फ़ुटेज से होगी निगरानी
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग को परीक्षा के बाद भी गहनता से खंगाला जाएगा। यदि किसी अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध पाई जाती हैं, तो उस पर भी नक़ल का मामला दर्ज किया जाएगा, चाहे वह मौके पर न पकड़ा गया हो।
5 साल तक परीक्षा में बैन
सबसे कड़ा प्रावधान यह है कि यदि कोई भी अभ्यर्थी नक़ल या किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों का उपयोग करता है, तो उस पर हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की आगामी 5 वर्षों तक किसी भी परीक्षा में शामिल होने पर प्रतिबंध रहेगा। यह सजा उस अभ्यर्थी के शैक्षणिक और रोजगार भविष्य पर गहरा असर डाल सकती है।