Inkhabar Haryana, CET Exam 2025 in Haryana: हरियाणा के लाखों युवा जब CET परीक्षा को लेकर परीक्षा केंद्रों की ओर रवाना हो रहे थे, तब कई परिवारों की धड़कनें तेज़ थीं। इसी भीड़ और समय की जद्दोजहद में एक नाम सामने आया आंचल, जो सोनीपत की रहने वाली हैं। समय हाथ से फिसलता जा रहा था, परीक्षा का समय पास आता जा रहा था और आंचल के परिवार की चिंता बढ़ती जा रही थी।
घड़ी की सुई ने बढ़ाई बेचैनी
शनिवार को CET परीक्षा की पहली शिफ्ट थी। आंचल अपने परिजन रमेश के साथ परीक्षा देने के लिए करनाल के रास्ते कुरुक्षेत्र के लिए निकली थीं। किसी कारणवश समय पर निकल नहीं पाए और जब करनाल पहुंचे तो महसूस हुआ कि अब केंद्र तक समय से पहुंच पाना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में उन्होंने हरियाणा पुलिस के इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल कर मदद मांगी।
डायल 112 बना फरिश्ता
112 कंट्रोल रूम से तत्काल रिस्पॉन्स आया। करनाल की पुलिस टीम ने बिना देर किए आंचल और उनके परिजन को अपनी गाड़ी में बिठाया और तेजी से कुरुक्षेत्र के लिए रवाना हुए। समय की नज़ाकत को समझते हुए करनाल से कुरुक्षेत्र तक सफर तेज़ी से पूरा किया गया।
कुरुक्षेत्र बस अड्डे पर अगली टीम थी तैयार
कुरुक्षेत्र पहुंचते ही पहले से तैनात स्थानीय पुलिस टीम तैयार मिली। बिना समय गंवाए, आंचल को सीधा सेक्टर 13 स्थित अग्रसेन पब्लिक स्कूल, जो उनका परीक्षा केंद्र था, वहां ले जाया गया। जैसे ही घड़ी ने परीक्षा का समय दिखाया, ठीक दो मिनट पहले आंचल केंद्र पर पहुंच गईं।
परीक्षा छूटने की आशंका से जो चिंता आंचल और उनके पिता रमेश के चेहरों पर थी, वह जैसे ही केंद्र पर पहुंचने के बाद मुस्कान में बदल गई। आंचल ने राहत की सांस ली और पिता रमेश ने भावुक होते हुए पुलिसकर्मियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस समय पर न पहुंचती, तो बेटी की मेहनत पर पानी फिर जाता।