Inkhabar Haryana, CET Exam 2025 in Haryana: हरियाणा में कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) परीक्षा को सुचारु और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सरकार और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं, जिनके सकारात्मक परिणाम फरीदाबाद में देखने को मिले। शनिवार सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर चहल-पहल शुरू हो गई थी। विद्यार्थियों में उत्साह साफ तौर पर झलक रहा था, वहीं सरकार और प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाएं भी उनकी उम्मीदों पर खरी उतरीं।
समय से पहले पहुंचे परीक्षार्थी
सुबह के समय ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। छात्र-छात्राओं का कहना था कि परिवहन व्यवस्था से लेकर परीक्षा केंद्रों तक सभी व्यवस्थाएं बेहद सुलभ और व्यवस्थित थीं। उन्हें समय से पहले परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी नहीं हुई। कुछ अभ्यर्थियों ने बताया कि उन्हें न तो ट्रैफिक में कोई दिक्कत हुई और न ही गेट पर किसी प्रकार की अव्यवस्था का सामना करना पड़ा।
परीक्षा केंद्रों पर सुविधाएं
परीक्षा केंद्रों के अंदर और बाहर व्यापक प्रबंध किए गए थे। केंद्रों पर पीने के पानी, साफ-सफाई, शौचालय, सीसीटीवी निगरानी और मेडिकल सुविधा जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त थी कि कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, घड़ी, चेन, अंगूठी जैसी कोई भी वस्तु अंदर ले जाना सख्त मना था। प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि परीक्षा पूरी तरह नकल रहित और पारदर्शी माहौल में हो। सीसीटीवी की निगरानी और परीक्षा कक्षों में केंद्र अधीक्षकों की सतर्कता इस उद्देश्य को पूरा करने में सहायक रही।
पुलिस प्रशासन की सख्त निगरानी
फरीदाबाद में पुलिस प्रशासन भी पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा। प्रत्येक केंद्र पर 8 से 10 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। पुलिस ने थ्री-लेयर चेकिंग की व्यवस्था की, जिसके तहत अभ्यर्थियों को तीन अलग-अलग जांच पड़ावों से गुजरना पड़ा, जिससे सुरक्षा के किसी भी स्तर पर चूक की कोई संभावना न रहे।