Advertisement
Advertisement
होम / CET Exam 2025: CET परीक्षा के दिन गूंजी किलकारी, मूक-बधिर महिला ने बेटे को दिया जन्म, केंद्र के बाहर बांटे गए लड्डू

CET Exam 2025: CET परीक्षा के दिन गूंजी किलकारी, मूक-बधिर महिला ने बेटे को दिया जन्म, केंद्र के बाहर बांटे गए लड्डू

BY: • LAST UPDATED : July 28, 2025
 Inkhabar Haryana, CET Exam 2025: हरियाणा के जींद जिले में रविवार को आयोजित सीईटी परीक्षा के दौरान एक ऐसा अनोखा और भावुक क्षण देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद हर किसी को भावुक कर दिया। दरअसल परिक्षा के बीच मूक -बधिर दंपति ने बेटे को जन्म दिया जिससे केंद्र के बाहर खुशी की लहर दौड़ गई।

परीक्षा देने पहुंचे थे मूक-बधिर दंपति

जींद जिले के सिलाखेड़ी गांव निवासी अजय अपनी पत्नी मोनिका के साथ CET (कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट) परीक्षा देने पहुंचे थे। दोनों ही मूक-बधिर हैं और करीब 18 महीने पहले उनका विवाह हुआ था। यह दिन उनके लिए न सिर्फ करियर की दिशा तय करने वाला था, बल्कि उनके पारिवारिक जीवन में भी एक नया अध्याय जोड़ गया। परीक्षा केंद्र पहुंचने के थोड़ी ही देर बाद मोनिका को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। हालांकि मोनिका मूक-बधिर हैं, लेकिन तकलीफ को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने स्थिति को समझा और तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

दूसरी ओर, अजय को अपनी पत्नी की हालत की जानकारी तक नहीं थी। वह परीक्षा केंद्र के बाहर इंतजार कर रहे थे और उन्हें यह नहीं पता था कि उनकी जिंदगी में एक नई शुरुआत हो चुकी है।

Advertisement

अस्पताल में बेटे का जन्म

अस्पताल में मोनिका ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। जैसे ही परिवार को इस शुभ समाचार की जानकारी मिली, वे मिठाई का डिब्बा लेकर सीधे परीक्षा केंद्र पहुंच गए जहां अजय मौजूद थे। परिजनों ने अजय को इशारों के माध्यम से यह खबर दी। बेटे के जन्म की बात सुनते ही अजय की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। एक ओर उनका परीक्षा का दिन था, दूसरी ओर वह पहली बार पिता बने थे यह पल उनके जीवन का सबसे खास लम्हा बन गया।

मिठाई बांटकर खुशी साझा की

इस अनोखी और भावनात्मक घड़ी में अजय ने अपनी खुशी को वहां मौजूद सभी लोगों के साथ साझा किया। उन्होंने परीक्षा केंद्र के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों, सुरक्षाकर्मियों और अन्य परीक्षार्थियों को मिठाई खिलाई। वहां मौजूद हर शख्स ने इस छोटे से परिवार की बड़ी खुशी में भागीदारी की।