Inkhabar Haryana, Chandigarh black out: भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव में हालात को बेहद गंभीर बना दिया है। सीमाओं पर गोलीबारी और ड्रोन हमलों के बीच अब आतंकी गतिविधियों के संकेत भारत के अंदर भी मिलने लगे हैं। ऐसे ही एक बड़े खतरे को चंडीगढ़ पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया है।
चंडीगढ़ में आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश
गुरुवार देर रात, चंडीगढ़ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी सेक्टर-39 के पास जीरी मंडी क्षेत्र के जंगलों में की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध गतिविधियां उस इलाके में हो रही हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों को घेराबंदी कर पकड़ा और उनके पास से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, जिसमें आरडीएक्स शामिल है, बरामद की।
हमले की योजना बना रहे थे आतंकी
प्रारंभिक पूछताछ में यह जानकारी सामने आई है कि दोनों आतंकी पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर हैप्पी पसिया के संपर्क में थे। उन्हें आदेश मिलते ही किसी बड़ी आतंकी साजिश को अंजाम देना था। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उनका निशाना चंडीगढ़ था या पंजाब का कोई अन्य बड़ा शहर। पुलिस इन पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है। चंडीगढ़ प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। सार्वजनिक स्थानों जैसे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मॉल्स और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सभी थानों को अलर्ट रहने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
आपात व्यवस्था के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग को सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में 25 प्रतिशत बेड आपात स्थिति के लिए आरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, सभी गांवों में सायरन सिस्टम को सक्रिय करने का आदेश जारी हुआ है। पुलिस, दमकल और बिजली विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।
शिक्षण संस्थानों पर असर
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने चंडीगढ़ के सभी स्कूलों को दो दिन के लिए बंद करने का निर्णय लिया है। यह कदम बच्चों की सुरक्षा और अभिभावकों की चिंता को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। यह आतंकी साजिश ऐसे समय सामने आई है जब भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव चरम पर है। गुरुवार रात पाकिस्तान की ओर से जम्मू समेत कई सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन और मिसाइल हमले किए गए, जिन्हें भारतीय वायुसेना ने हवा में ही नष्ट कर दिया। इसके जवाब में भारत ने लाहौर और इस्लामाबाद पर सटीक मिसाइल और ड्रोन हमले किए।