Inkhabar Haryana, Chandigarh News: हरियाणा सरकार ने एक बार फिर बड़े प्रशासनिक फेरबदल का फैसला लिया है। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश में राज्य के 8 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। यह फेरबदल प्रशासनिक कार्यक्षमता में सुधार और राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से किया गया है। हाल के महीनों में यह दूसरा बड़ा कदम है, जिससे सरकार के पुलिस महकमे में बदलाव की मंशा स्पष्ट होती है।
आईपीएस अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां
इस बदलाव के तहत, डॉक्टर अर्शदीप सिंह चावला को हरियाणा पुलिस एकेडमी, मधुबन (करनाल) का डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। कृष्ण कुमार को रोहतक एडीजीपी बनाया गया है, जबकि अमिताभ सिंह ढिल्लों को हरियाणा स्टेट एन्फोर्समेंट ब्यूरो का डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, सौरभ सिंह को एडीजीपी CPT&R भोंडसी की जिम्मेदारी दी गई है।
फील्ड पोस्टिंग में भी बदलाव
सिबाश कबिराज को अंबाला रेंज का आईजीपी बनाया गया है, वहीं सतिंदर कुमार गुप्ता को फरीदाबाद का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। गुरुग्राम में डीसीपी ईस्ट के पद पर गौरव की तैनाती हुई है। रेवाड़ी जिले की सुरक्षा और प्रशासनिक जिम्मेदारी मयंक गुप्ता को दी गई है, जिन्हें एसपी नियुक्त किया गया है।
हालिया बदलावों की पृष्ठभूमि
हरियाणा में हाल ही में पुलिस महकमे में व्यापक फेरबदल देखा गया था, जब दिसंबर के तीसरे सप्ताह में 82 डीएसपी के तबादले किए गए थे। इससे पहले प्रशासनिक स्तर पर भी 47 एचसीएस अधिकारियों के पदों में बदलाव किया गया था। यह कदम राज्य में प्रशासनिक और पुलिस तंत्र को चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में उठाए गए हैं।