Advertisement
Advertisement
होम / Charkhi Dadri news: हरियाणा में मजदूर की नहर में डूबने से संदिग्ध मौत, दो घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव

Charkhi Dadri news: हरियाणा में मजदूर की नहर में डूबने से संदिग्ध मौत, दो घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव

BY: • LAST UPDATED : July 30, 2025
Inkhabar Haryana, Charkhi Dadri news: हरियाणा के चरखी दादरी जिले के ढाणी फोगाट गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 42 वर्षीय श्रमिक की नहर में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सुरेश के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। घटना सुबह उस समय हुई जब वह रोज़ की तरह टहलने के लिए घर से निकला था। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई इस घटना ने ग्रामीणों और परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

सुबह की सैर बना काल

सुरेश, निवासी ढाणी फोगाट, बुधवार सुबह लगभग साढ़े पांच बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह टहलने जा रहा है। लेकिन करीब छह बजे बधवाना माइनर नहर के पास वह अचानक गिर गया। खेतों में काम कर रहे कुछ किसानों ने उसे गिरते हुए देखा और तुरंत शोर मचाया। घटनास्थल के पास मौजूद ग्रामीणों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

112 पुलिस और सिंचाई विभाग ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने सबसे पहले सिंचाई विभाग से संपर्क कर नहर (माइनर) का पानी बंद करवाया ताकि तलाशी अभियान शुरू किया जा सके। इसके बाद गोताखोरों को बुलाया गया, जिन्होंने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुरेश का शव नहर से बरामद किया। शव घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूर पानी में मिला।

Advertisement

जांच में लगी पुलिस

मृतक का शव तुरंत दादरी नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया। सुरेश के चचेरे भाई नरेश ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सुरेश पूरी तरह स्वस्थ था और सुबह की सैर पर नियमित रूप से जाता था। उन्होंने किसी तरह की दुश्मनी या पारिवारिक तनाव से इनकार किया। नरेश के बयान के आधार पर दादरी सदर थाना पुलिस ने ‘इत्तफाकिया मौत’ की कार्रवाई की और शव परिजनों को सौंप दिया।