Inkhabar Haryana, CM Flying Raid on Adulterated Ghevar in Haryana: सावन और रक्षाबंधन जैसे त्योहारी मौसम में जहां मिठाइयों की मांग तेजी से बढ़ती है, वहीं कुछ दुकानदार इसी अवसर पर आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने से भी बाज नहीं आते। इसी को ध्यान में रखते हुए हरियाणा सरकार की सीएम फ्लाइंग स्क्वॉड और फूड सेफ्टी विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को पंचकूला जिले के गांव नग्गल में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
हाईवे किनारे लगी दुकान पर मारा गया छापा
मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे सीएम फ्लाइंग और फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव नग्गल के पास हाईवे किनारे बनी एक अस्थायी मिठाई की दुकान पर छापा मारा। यह दुकान घेवर तैयार करने के लिए विशेष रूप से लगाई गई थी। मौके पर टीम ने जब निरीक्षण किया तो दुकान में भारी मात्रा में घैवर तैयार पाया गया। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने करीब 1 क्विंटल 50 किलोग्राम घैवर जब्त किया।
गुणवत्ता व स्वच्छता में मिली लापरवाही
जांच के दौरान टीम को घेवर बनाने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर गंभीर संदेह हुआ। निर्माण स्थल पर साफ-सफाई का घोर अभाव था। गंदगी और खुले में खाद्य सामग्री रखे जाने से मिठाई की गुणवत्ता पर सवाल उठे। अधिकारियों का कहना है कि मिठाई तैयार करने की यह प्रक्रिया खाद्य सुरक्षा मानकों के बिल्कुल विपरीत पाई गई।
सैंपल लैब जांच के लिए भेजे गए
जब्त किए गए घेवर के सैंपल लैब में जांच के लिए भेज दिए गए हैं, ताकि खाद्य मानकों की पुष्टि की जा सके। फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित दुकानदार के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि मिठाई में मिलावट या हानिकारक तत्व पाए जाते हैं, तो फूड सेफ्टी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।