




मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि गिद्द प्रजनन केंद्र पिंजौर में विलुप्त हो रही गिद्ध प्रजातियों के संरक्षण के लिए अत्यधिक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने में हर जीव-जंतु की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। गिद्द वातावरण को स्वच्छ और स्वस्थ रखने में सहायक हैं।
1990 के दशक से गिद्धों की संख्या में भारी गिरावट आई थी। करोड़ों में मौजूद गिद्धों की संख्या अब लाखों तक सीमित रह गई है। इस केंद्र ने इन लुप्तप्राय पक्षियों के संरक्षण में अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की है। हाल ही में 8 गिद्धों को छोड़ा गया था, और अब 25 गिद्धों को उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया है।
हरियाणा का वन विभाग गिद्ध संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने विभाग की सराहना करते हुए कहा कि इन प्रयासों से न केवल गिद्धों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वन नेशन, वन इलेक्शन” बिल को लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बयान देते हुए इसे देश के लिए बेहद आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि अलग-अलग समय पर चुनाव कराने से प्रशासनिक गतिविधियां रुक जाती हैं और विकास कार्य बाधित होते हैं।
सीएम सैनी ने यह भी कहा कि इस बिल के लागू होने से खर्च में कमी आएगी और विकास परियोजनाओं पर अधिक ध्यान केंद्रित किया जा सकेगा। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीति केवल विरोध पर आधारित है।
सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि जो काम कांग्रेस 55 साल में नहीं कर सकी, मोदी सरकार ने 10 साल में कर दिखाए। उन्होंने “वन नेशन, वन इलेक्शन” बिल को सभी राजनीतिक दलों द्वारा सहमति से पारित करने की अपील की।
बता दें कि, किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 100% फसल एमएसपी पर खरीदी जा रही है। सब्जी किसानों के लिए भावांतर भरपाई योजना और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना जैसी योजनाओं से किसानों को आर्थिक सुरक्षा दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि किसान आंदोलन के नाम पर राजनीति की जा रही है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार किसानों को कृषि उपकरणों और ट्रैक्टर पर सब्सिडी प्रदान कर रही है, जिससे उनकी लागत में कमी आई है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और अन्य योजनाओं के माध्यम से किसानों को मजबूती दी है।
मुख्यमंत्री ने गरीब परिवारों के उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि “मुख्यमंत्री परिवार उत्थान योजना” के तहत बिना ब्याज ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। गरीब और विधवा महिलाओं को ई-रिक्शा जैसे साधन देकर उनकी आय बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “लखपति दीदी” जैसी योजनाओं से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। यह योजनाएं गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के लिए महत्वपूर्ण साबित हो रही हैं।




