Inkhabar Haryana, CM Nayab Saini: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को पानीपत नगर निगम चुनाव के मद्देनजर भाजपा की मेयर प्रत्याशी कोमल सैनी और सभी 26 वार्डों के पार्षद उम्मीदवारों के समर्थन में भव्य रोड शो किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनता से भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान की अपील की। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली भी मौजूद रहे।
ट्रिपल इंजन सरकार से होगा विकास
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की नीति और विजन स्पष्ट है और पार्टी का लक्ष्य पानीपत को आधुनिक और विकसित शहर बनाना है। उन्होंने कहा, “डबल इंजन की सरकार पहले ही प्रदेश में तेज गति से विकास कर रही है, अब जब ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी, तो विकास की रफ्तार और बढ़ जाएगी।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा के समर्थन में है और निकाय चुनाव में पार्टी की प्रचंड जीत सुनिश्चित है। उन्होंने जनता से मेयर पद के लिए कोमल सैनी को जिताने और भाजपा के पार्षद प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने आश्वासन दिया कि “पानीपत में किसी भी तरह की कमी नहीं रहने दूंगा। जनता केवल भाजपा को जिताए, बाकी काम मुझ पर छोड़ दें।”
विपक्ष पर हमला
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे जनता को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं, लेकिन हरियाणा की जनता भाजपा के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की चक्की तेज भी चलती है और बारीक भी पीसती है, इसलिए जनता को किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने युवाओं की नौकरियों के रास्ते में बाधा डाली, लेकिन भाजपा सरकार ने बिना पर्ची और खर्ची के 25 हजार युवाओं को रोजगार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 500 रुपये में गैस सिलेंडर, गरीबों को मकान और प्लॉट, पंचायत की जमीन पर बसे लोगों को मालिकाना हक जैसी योजनाएं भाजपा ने संकल्प पत्र में शामिल की थीं, जो अब धरातल पर उतर रही हैं।
भाजपा की जीत तय- बड़ौली
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि पानीपत की जनता का जोश यह साबित करता है कि भाजपा की जीत पक्की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की नॉन-स्टॉप सरकार पूरी ताकत से काम कर रही है और निकाय चुनाव के नतीजे पार्टी की ऐतिहासिक जीत की कहानी लिखेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार बनते ही संकल्प पत्र के 21 संकल्प पूरे किए जाएंगे। उन्होंने जनता से अपील की कि वे भाजपा उम्मीदवारों को जिताकर पानीपत के विकास में भागीदार बनें।
रोड शो में उमड़ा जनसैलाब
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में रोड शो जीटी रोड कार्यालय से शुरू हुआ और शहरभर में भाजपा के समर्थन में जबरदस्त नारेबाजी हुई। “भारत माता की जय”, “मोदी-नायब जिंदाबाद” जैसे नारों से शहर गूंज उठा। रोड शो के दौरान फूलों की वर्षा कर जनता ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों ने भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रत्याशियों के प्रति अपना समर्थन जताया।
इस अवसर पर विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज, समालखा विधायक मनमोहन बड़ाना, पूर्व सांसद संजय भाटिया, भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट सहित कई वरिष्ठ नेता और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।