ग्रामीण विकास योजना 2.0 और शहरी आवास में बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रामीण विकास योजना 2.0 के अंतर्गत 58 गांवों के 3,884 परिवारों को प्लॉट आवंटन पत्र सौंपे गए हैं। वहीं, शहरी आवास योजना के तहत सैकड़ों लोगों को अंतरिम मलकीयत प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। यह केवल कागज़ नहीं, यह उन सपनों का दस्तावेज है, जिन्हें इन परिवारों ने सालों तक देखा था। उन्होंने सभी लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा की डबल इंजन सरकार मिलकर हर गरीब को उसका हक दिला रही है।
महिलाओं को दिया जा रहा संपत्ति में अधिकार
कार्यक्रम की एक खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि सरकार अब महिलाओं को मकान और प्लॉट में मालिकाना हक दे रही है जिससे वे “आत्मनिर्भर और स्वाभिमानी नागरिक” बन सकें। हमारी बहनें अब केवल घर की जिम्मेदार नहीं, घर की मालिकन भी बन रही हैं। यह सामाजिक बदलाव की दिशा में बहुत बड़ा कदम है।
जन-कल्याणकारी योजनाओं की झलक
सीएम सैनी ने मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई कई जन-कल्याणकारी योजनाओं की सफलता का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हरियाणा में अब तक ग्रामीण इलाकों में 59,150 मकान, शहरी क्षेत्रों में 77,900 मकान तैयार किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री सोलर रूफटॉप योजना के तहत 26,000+ घरों में सोलर पैनल लगाए गए हैं।
चिरायु योजना और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से 22 लाख लोगों को ₹2,500 करोड़ से अधिक की निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा मिल चुकी है। जनधन योजना के जरिए लाखों गरीबों के खाते खुले हैं और अब वे खुद उनमें सेविंग कर रहे हैं। उज्ज्वला योजना, हर घर शौचालय, और ₹500 में गैस सिलेंडर जैसी योजनाओं ने गरीबों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाया है।
विपक्ष पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और विशेष रूप से राहुल गांधी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी के उस पुराने बयान की याद दिलाई जिसमें उन्होंने पूछा था कि खाता तो खुल गया, पर उसमें पैसे कौन डालेगा? मुख्यमंत्री सैनी ने जवाब दिया कि अब गरीब खुद अपनी कमाई से उसमें सेविंग कर रहा है। योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थी तक पहुंच रहा है। हमारी सरकार में 100 रुपये भेजने पर पूरे 100 रुपये गरीब तक पहुंचते हैं। कांग्रेस ने 55 वर्षों में जो नहीं किया, वह भाजपा की सरकार ने चंद सालों में कर दिखाया। उन्होंने कहा कि पहले माताएं-बहनें मटकों में पानी भरती थीं, आज उन्हें गैस, पानी, शौचालय और मकान मिल रहा है।