Inkhabar Haryana, CM Nayab Saini: हरियाणा की ऐतिहासिक और पुरातात्विक दृष्टि से महत्वपूर्ण नगरी राखीगढ़ी आज एक बार फिर राष्ट्रीय सुर्खियों में रही। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यहां 20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई तीन प्रमुख विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिससे क्षेत्र को पर्यटन और शोध की दृष्टि से नया आयाम मिलने की उम्मीद है।
इन चीजों का किया उद्घाटन
सीएम सैनी ने राखीगढ़ी में नव-निर्मित विश्रामगृह, कैफेटेरिया और हॉस्टल भवनों का विधिवत उद्घाटन किया। इन भवनों का निर्माण विशेष रूप से उन देशी-विदेशी विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया गया है, जो हड़प्पा सभ्यता से जुड़ी इस ऐतिहासिक साइट पर रिसर्च के उद्देश्य से आते हैं। उन्होंने कहा कि अब शोधार्थियों को न रहने की चिंता होगी न खाने की। इन आधुनिक सुविधाओं से राखीगढ़ी एक वैश्विक रिसर्च हब के रूप में विकसित होगी।
ये मंत्री रहें मौजूद
इस मौके पर हरियाणा के पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, हांसी से भाजपा विधायक विनोद भयाना और पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे हरियाणा के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विकास की दिशा में एक मील का पत्थर बताया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में विशेष रूप से केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी शिरकत की। उन्होंने मुख्यमंत्री सैनी के साथ मिलकर राखीगढ़ी को लेकर भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। शेखावत ने कहा कि केंद्र सरकार राखीगढ़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख पुरातत्व एवं सांस्कृतिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।