Inkhabar Haryana, CM Nayab Saini: बराड़ा के साहा ब्लॉक स्थित कडासन गांव में हरियाणा के सीएम नायब सैनी का भव्य स्वागत किया गया। स्वामी विवेकानंद उत्थान समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने हवन यज्ञ में भाग लिया और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए स्वामी विवेकानंद के आदर्शों और उनके योगदान को याद किया।
स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपनाने का आह्वान
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने स्वामी विवेकानंद के जीवन को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उन्होंने देश के युवाओं और समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अपने विचारों और कार्यों के माध्यम से भारत का गौरव पूरी दुनिया में बढ़ाया। हमें उनके दिखाए गए मार्ग पर चलकर समाज और देश के उत्थान के लिए काम करना चाहिए।
लोहड़ी की शुभकामनाएं और युवा दिवस का संदेश
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को लोहड़ी की बधाई देते हुए स्वामी विवेकानंद के जन्म दिवस पर उन्हें याद किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जन्म दिवस, जिसे हम युवा दिवस के रूप में मनाते हैं, हर युवा के लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं सभी प्रदेशवासियों को इस अवसर पर शुभकामनाएं देता हूं।
नारायणगढ़ रेलवे लाइन पर दिया जवाब
कार्यक्रम के बाद जब पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से नारायणगढ़ रेलवे लाइन परियोजना पर सवाल किया तो उन्होंने बताया कि इस पर प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परियोजना के लिए बजट और अन्य आवश्यक पहलुओं का ध्यान रखा जाता है। रेलवे लाइन की प्रक्रिया अभी चल रही है और इसे जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा।