विनोद लांबा, दिल्ली
Inkhabar Haryana, CM Nayab Saini: हरियाणा के गुरुग्राम में जनता की समस्याओं को हल करने के लिए जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक का आयोजन सीएम नायब सैनी की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें सीएम सैनी के सख्त तेवर देखने को मिले। यह बैठक जॉन हॉल में हुई, जहां गुरुग्राम सांसद राव इंद्रजीत सिंह, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, पटौदी विधायक बिमला चौधरी और सोहना विधायक तेजपाल तंवर समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी
सीएम सैनी ने बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि जनता की समस्याओं के समाधान में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि मैंने कार्रवाई की, तो आपको कोर्ट से भी राहत नहीं मिलेगी। इसलिए समय रहते सुधर जाओ। इस सख्त रुख के साथ उन्होंने अधिकारियों को जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देने और उनके समाधान में तत्परता दिखाने के निर्देश दिए।
स्वच्छता पर विशेष जोर
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वच्छता को लेकर भी अधिकारियों को जिम्मेदारी निभाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम को स्वच्छ करना आपकी प्राथमिकता होनी चाहिए। यदि बजट की आवश्यकता है, तो बताइए। लेकिन अगली बैठक में स्वच्छता से जुड़ी कोई शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि गुरुग्राम को एक आदर्श शहर बनाने के लिए अधिकारियों को गंभीरता से काम करना होगा।
23 एजेंडों पर चर्चा
बता दें कि, बैठक में 23 महत्वपूर्ण एजेंडों पर चर्चा की गई। इन एजेंडों में यातायात व्यवस्था, सफाई, जलभराव की समस्या और अवैध निर्माण जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। पुलिस कमिश्नर, डिप्टी कमिश्नर और निगम कमिश्नर समेत सभी विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की और समस्याओं के समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की।सीएम सैनी ने यह स्पष्ट किया कि गुरुग्राम जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में प्रशासन को सक्रिय रहना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जनता की शिकायतों को जल्द से जल्द हल करें और कोई भी समस्या लंबित न रहे।