होम / CM Nayab Saini: “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के 10 साल पूरे होने पर गर्व का दिन”- सीएम नायब सैनी

CM Nayab Saini: “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के 10 साल पूरे होने पर गर्व का दिन”- सीएम नायब सैनी

BY: • LAST UPDATED : January 23, 2025
Inkhabar Haryana, CM Nayab Saini: चंडीगढ़ में हाई पावर परचेज़ कमेटी की बैठक के बाद हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने एक अहम बयान दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के दस वर्ष पूरे होने पर इसे गर्व का दिन बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ऐतिहासिक पहल की शुरुआत पानीपत की धरती से हुई थी और इसने समाज में व्याप्त कई कुरीतियों को समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान का प्रभाव

CM सैनी ने बताया कि इस अभियान से समाज के कई लोग जुड़े और लिंगानुपात में बड़ा सुधार देखने को मिला। उन्होंने कहा कि इस कुरीति को पूरी तरह समाप्त करने के लिए सरकार गंभीरता से काम कर रही है। बालिकाओं को शिक्षा और अपने सपनों को पूरा करने के अधिक अवसर दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को लिंगानुपात में सुधार के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं।

बैठक के बारे में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इसमें कुल 26 एजेंडों पर चर्चा हुई, जिनमें से 19 को मंजूरी दी गई है। इस दौरान लगभग 800 करोड़ रुपये के एजेंडा पर स्वीकृति दी गई। साथ ही, प्रदेश सरकार ने इस प्रक्रिया में 30 करोड़ रुपये की बचत की है, जो कुशल प्रशासन और आर्थिक प्रबंधन का उदाहरण है।

दिल्ली सरकार पर निशाना

दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के लोगों में उनके प्रति रोष है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति दिल्ली को पेरिस बनाने की बात करता था, उसने अपने घर को तो पेरिस बना लिया, लेकिन दिल्ली को साफ-सुथरा नहीं रख पाया। झाड़ू का काम साफ-सफाई का होता है, लेकिन इन्होंने दिल्ली में गंदगी फैला दी।