Advertisement
Advertisement
होम / CM Nayab Saini on CET Exam 2025: बंद होगी इंटरनेट सेवा, CET एग्जाम को लेकर हरियाणा सरकार का दिखा एक्शन मोड, कसे सुरक्षा के पेंच

CM Nayab Saini on CET Exam 2025: बंद होगी इंटरनेट सेवा, CET एग्जाम को लेकर हरियाणा सरकार का दिखा एक्शन मोड, कसे सुरक्षा के पेंच

BY: • LAST UPDATED : July 23, 2025
Inkhabar Haryana, CM Nayab Saini on CET Exam 2025: हरियाणा में ग्रुप सी पदों के लिए होने वाली CET एग्जाम 26 और 27 जुलाई को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में राज्यभर से करीब 13 लाख 48 हजार परीक्षार्थी हिस्सा लेने जा रहे हैं। परीक्षा का शांतिपूर्ण और पारदर्शी आयोजन सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा सरकार पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खुद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं, वहीं सुरक्षा और लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट पर है।

Himmat Singh on CET Exam 2025: OMR शीट से लेकर बस सेवाओं तक, HSSC चेयरमैन हिम्मत सिंह ने CET एग्जाम को लेकर किया ये बड़ा खुलासा, यूट्यूबर्स को भी दी चेतावनी

सभी जिलों में सुरक्षा और पारदर्शिता के निर्देश

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया है कि संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की पहचान कर उसकी जानकारी गृह विभाग को समय पर भेजी जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर इन क्षेत्रों में इंटरनेट सेवा अस्थायी रूप से बंद की जा सके।

इसके अलावा, परीक्षा केंद्रों में प्रश्न पत्र भंडारण से लेकर परीक्षा समाप्ति तक की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लीक जैसी आशंका को रोका जा सके। सरकार ने सोशल मीडिया पर भी सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। यदि कोई व्यक्ति परीक्षा से संबंधित भ्रामक जानकारी या अफवाह फैलाता है, तो उसे तुरंत चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

बस सेवा की विशेष सुविधा

सीएम ने कहा कि जिन जिलों से 100 किलोमीटर या उससे अधिक की दूरी पर परीक्षा केंद्र हैं, वहां जिला प्रशासन विशेष व्यवस्था करे ताकि परीक्षार्थियों को समय पर पहुंचाया जा सके। महिला अभ्यर्थियों के साथ आने वाले अभिभावकों को हरियाणा रोडवेज की बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। डायल-112 सेवा को भी दो दिन के लिए इस व्यवस्था में जोड़ा जाएगा, ताकि आपात स्थिति में त्वरित सहायता दी जा सके। सीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर कम से कम आधे घंटे पहले पहुंचाया जाए।

कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने आदेश दिया है कि 26 और 27 जुलाई को किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को अवकाश नहीं मिलेगा। सभी को अपने मोबाइल फोन स्विच ऑन रखने होंगे ताकि प्रशासन से आवश्यकतानुसार तुरंत संपर्क किया जा सके।

धारा 163 और सुरक्षा प्रबंध

गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि परीक्षा के सफल आयोजन के लिए धारा 163 लागू करते हुए परीक्षा केंद्रों की सीमाओं में कई गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा।

  • ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति,
  • सर्विस प्रोवाइडर्स का पुलिस सत्यापन,
  • कोचिंग सेंटर और फोटोस्टेट की दुकानों को परीक्षा के दोनों दिन बंद करने जैसे निर्णय भी लिए गए हैं।

निजी स्कूल स्टाफ का प्रवेश वर्जित

पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि परीक्षा दिवस पर प्राइवेट स्कूलों के स्टाफ को स्कूल में प्रवेश न करने दिया जाए। परीक्षा केंद्रों में तैनात किसी भी अधिकारी/कर्मचारी को मोबाइल फोन या कोई अन्य डिजिटल डिवाइस अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में भीड़ एकत्र न होने दी जाए।

आम लोगों से अपील

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने आमजन से अपील की है कि 26 व 27 जुलाई को यदि आवश्यक न हो तो यात्रा से बचें, ताकि परीक्षार्थियों को निर्बाध यातायात व्यवस्था मिल सके।
साथ ही, तीज पर्व को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि आमजन की आवाजाही के लिए भी पर्याप्त बसों की उपलब्धता रहे।