




Inkhabar Haryana, CM Nayab Saini on International Yoga Day: हरियाणा में योग को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को शारीरिक व मानसिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 की तैयारियों के तहत राज्यभर में विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में, हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने योग के व्यापक महत्व को रेखांकित किया और इसके निरंतर अभ्यास को अच्छे स्वास्थ्य, अनुशासन और रोग-प्रतिरोधक क्षमता से जोड़ा।
सीएम सैनी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अगर हम प्रतिदिन योग का अभ्यास करें, तो यह न केवल हमें बीमारियों से बचाता है बल्कि हमारे भीतर अनुशासन भी विकसित करता है। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि योग का अभ्यास सैनिकों के लिए अत्यंत लाभकारी है। मुझे विश्वास है कि यह योग कार्यक्रम हमारे सैनिकों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बनाए रखने में मदद करेगा।
हरियाणा सरकार इस बार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को बड़े स्तर पर मनाने जा रही है। सीएम ने जानकारी दी कि 21 जून 2025 को राज्य के सभी 22 जिलों में लगभग 11 लाख लोग योग कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस वर्ष का मुख्य आयोजन कुरुक्षेत्र के पवित्र ब्रह्म सरोवर में किया जाएगा, जहां योगगुरु बाबा रामदेव लगभग 1 लाख प्रतिभागियों के साथ योग प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे।




