Inkhabar Haryana, CM Nayab Saini on Jatela Dham Hospital Foundation: हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने झज्जर जिले के दुबलधन गांव स्थित प्रसिद्ध जटेला धाम में आयोजित नितानंद महाराज के 225वें निर्वाण दिवस समारोह में भाग लेकर राज्य को स्वास्थ्य, पर्यावरण और धार्मिक समर्पण के नए आयामों से जोड़ने वाली कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने जहां 225 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक अस्पताल की आधारशिला रखी, वहीं स्वामी नितानंद आश्रम गौशाला का भी लोकार्पण किया।
225 बैड के आयुर्विज्ञान संस्थान का शिलान्यास
कार्यक्रम की शुरुआत सीएम द्वारा जटेला धाम में प्रस्तावित 225 बिस्तर वाले आयुर्विज्ञान संस्थान के शिलान्यास से हुई। इस संस्थान के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री ने तत्काल 31 लाख रुपये की घोषणा की, जबकि कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और कृष्ण बेदी ने व्यक्तिगत रूप से 11-11 लाख रुपये की सहायता देने की बात कही। यह अस्पताल न केवल स्थानीय लोगों के लिए एक बड़ी सौगात है, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र बनेगा।
गौशाला का लोकार्पण और आध्यात्मिक जुड़ाव
सीएम ने स्वामी नितानंद आश्रम गौशाला का भी विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने संत परंपरा और पशु संरक्षण की परंपरा को सराहते हुए कहा कि गौ सेवा हमारी संस्कृति और आध्यात्मिक धरोहर का हिस्सा है, और जटेला धाम इस दिशा में प्रशंसनीय कार्य कर रहा है। सैनी ने जटेला धाम की पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता की भी खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि धाम द्वारा 82,125 पौधों का रोपण करने का जो संकल्प लिया गया है, वह पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है। सरकार की ओर से चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पहले चरण में हरियाणा में लक्ष्य से अधिक एक करोड़ 87 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं। अब दूसरे चरण में 1 करोड़ 82 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।