Inkhabar Haryana, CM Nayab Saini on Mahrishi Kashyap Jayanti Cermony: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा कस्बे में आयोजित महर्षि कश्यप जंयती समारोह में सीएम नायब सैनी ने शामिल होकर समाज को एक बार फिर संस्कृति, आस्था और विकास के संदेश से जोड़ने का प्रयास किया। कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि कश्यप की तस्वीर पर पुष्प अर्पण की गई।
महर्षि कश्यप को किया नमन
सीएम नायब सैनी ने कहा कि हमारे देश की आत्मा ऋषि-मुनियों में बसती है। महर्षि कश्यप ने समाज को नई दिशा दी और उनके सिद्धांत आज भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह समारोह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि संस्कृति की जड़ों से जुड़ने का माध्यम है।
सरकार की विकास यात्रा और ‘सबका साथ’ का संकल्प
अपने भाषण में CM ने केंद्र और राज्य में भाजपा की “डबल इंजन सरकार” की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि हम सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं। पहले की सरकारें केवल अपने परिवार को मजबूत करती थीं, जबकि हमारी सरकार हर वर्ग का विकास सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने बताया कि ओबीसी समाज, विशेषकर कश्यप समाज, को सरकार की योजनाओं से विशेष लाभ हुआ है। बेटियों को मुफ्त शिक्षा, मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति, और युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची सरकारी नौकरियों की सौगात दी गई है।
किसानों और ग्रामीण भारत के लिए बड़ी योजनाएं
CM ने कृषि और किसान कल्याण की दिशा में सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों के खाते में सीधे पैसे पहुंचाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कम बारिश के कारण किसानों को सहायता राशि भी दी गई है और कृषि ऋण माफ करने के साथ-साथ सोलर पैनल लगाने में भी सहायता की जा रही है। सरकार 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की ओर नॉनस्टॉप काम कर रही है। हमने तीसरे कार्यकाल में मजबूती से काम किया, ठोस निर्णय लिए और संकल्प पत्र के अनेक वादों को पूरा किया है।