Inkhabar Haryana, CM Nayab Saini on Tiranga Yatra in Kurukshetra: हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में देशभक्ति से ओत-प्रोत संबोधन के दौरान देश के वीर जवानों को नमन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसी ऐतिहासिक सैन्य कार्यवाही को श्रद्धांजलि देना और देश की रक्षा करने वाले सैनिकों के प्रति एकजुटता प्रकट करना था।
तिरंगा यात्रा उन जांबाज सैनिकों को समर्पित- सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा उन जांबाज सैनिकों को समर्पित है, जिन्होंने भारत माता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पित किया। ऑपरेशन सिंदूर इसका जीता-जागता उदाहरण है – एक ऐसा अभियान जिसने यह साबित किया कि भारत अपने सिंदूर, यानी अपने स्वाभिमान और संस्कृति की रक्षा के लिए हर कीमत चुकाने को तैयार है। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा यात्रा जवान वीरों को यह संदेश देती है कि 140 करोड़ भारतीय उनके साथ खड़े हैं।
अपने भाषण में मुख्यमंत्री सैनी ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत शांति का पक्षधर है, लेकिन अगर कोई देश या आतंकी ताकत हमला करता है, तो भारत चुप नहीं बैठता। उन्होंने कहा कि हमारे जांबाज सैनिकों ने आतंकियों को उनके घर में घुसकर मिट्टी में मिला दिया है। उनके पराक्रम की गूंज अमेरिका और चीन तक पहुंची है।
सीजफायर को दुनिया के लिए सीएम ने बताया मिसाल
सीएम सैनी ने सीजफायर नीति का उल्लेख करते हुए भारत के संयम और शांति की नीति को दुनिया के लिए मिसाल बताया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को एक नई सोच, नई दिशा और सशक्त संकल्प की ओर अग्रसर किया है, जिससे देश की सुरक्षा नीति और आत्मबल दोनों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया गया है। कार्यक्रम में उपस्थित हजारों लोगों ने तिरंगे के सम्मान में नारे लगाए और देशभक्ति के रंग में रंगे दिखाई दिए।