Advertisement
Advertisement
होम / CM Nayab Saini on Yoga Day: कुरुक्षेत्र में होगा राज्य स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम, सीएम नायब सैनी ने जनता से की ये खास अपील

CM Nayab Saini on Yoga Day: कुरुक्षेत्र में होगा राज्य स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम, सीएम नायब सैनी ने जनता से की ये खास अपील

BY: • LAST UPDATED : May 29, 2025
Inkhabar Haryana, CM Nayab Saini on Yoga Day: हरियाणा राज्य एक बार फिर योग के रंग में रंगने को तैयार है। 21 जून को मनाए जाने वाले 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्य भर में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस बार राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम कुरुक्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है, जहां लगभग 1 लाख से अधिक योग प्रेमियों की उपस्थिति दर्ज होगी। इस आयोजन में योग को वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय बनाने वाले योग गुरु बाबा रामदेव भी विशेष रूप से शामिल होंगे।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर राज्य सरकार तैयार- सीएम

सीएम नायब सिंह सैनी ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वर्ष 2015 से 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जा रहा है, और यह दिन अब न केवल भारत बल्कि विश्व के अनेक देशों में उत्सव की तरह मनाया जाता है। इस वर्ष योग दिवस की थीम “Yoga for One Earth, One Health” रखी गई है, जो वैश्विक स्वास्थ्य और पर्यावरण के संरक्षण का संदेश देती है।

पूरे हरियाणा में योगमय माहौल

राज्य स्तरीय आयोजन के साथ-साथ हरियाणा के हर जिले और 121 खंडों में भी योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयुष विभाग ने इन कार्यक्रमों के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार की है। योग दिवस के मद्देनजर 21 जून तक योग मैराथन, योग जागरण यात्राएं और स्वच्छता अभियान भी संचालित किए जाएंगे।

Advertisement

स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित होंगे ताकि युवा वर्ग योग के महत्व को समझे और उसे अपने जीवन में अपनाए। इसके साथ ही मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, सरकारी कर्मचारियों और अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए भी विशेष योग सत्रों का आयोजन किया जाएगा, ताकि समाज के हर वर्ग तक यह संदेश पहुंचे।

‘योग युक्त हरियाणा – नशामुक्त हरियाणा’ अभियान की शुरुआत

इस वर्ष योग दिवस के अवसर पर राज्य सरकार एक नई पहल के रूप में “योग युक्त हरियाणा – नशामुक्त हरियाणा” अभियान की शुरुआत कर रही है। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर योग की ओर प्रेरित करना है। साथ ही, इस दिन ‘हरित योग’ के माध्यम से पर्यावरण सरंक्षण की दिशा में एक अहम कदम उठाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इस अभियान के अंतर्गत 10 लाख पौधे लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है, और इसके लिए एक ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल भी लॉन्च किया गया है। सरकार का लक्ष्य है कि इस महाअभियान में 10 लाख युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो।

मुख्यमंत्री की अपील

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे 21 जून को योग महोत्सव के रूप में मनाएं और अपने घर, छत, पार्क या किसी खुले स्थान पर योग करके इस अभियान का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ बनाता है, बल्कि मन को भी शांत करता है। यह अभियान एक स्वस्थ, नशामुक्त और हरित हरियाणा की दिशा में हमारा सामूहिक प्रयास है।