Inkhabar Haryana, CM Nayab Saini: हरियाणा के रोहतक जिले के पहरावर गांव में शुक्रवार को भगवान परशुराम जयंती समारोह बड़े ही धूमधाम और भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली इस समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
तैयारियों का जायजा
समारोह की तैयारियों की समीक्षा वीरवार को सहकारिता मंत्री और कार्यक्रम संयोजक डॉ. अरविंद शर्मा ने स्वयं स्थल पर पहुंचकर की। बिगड़ते मौसम को ध्यान में रखते हुए, आयोजन स्थल पर व्यापक प्रबंध किए गए हैं। छह एकड़ भूमि में वाटर प्रूफ पंडाल स्थापित किया गया है, जो इस आयोजन को बारिश या तेज धूप के प्रभाव से सुरक्षित रखेगा।
विशाल पंडाल में लगाए गए 4 मंच
इस विशाल पंडाल में चार अलग-अलग मंच बनाए गए हैं।
1. मुख्य मंच पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं अन्य गणमान्य अतिथि विराजमान होंगे।
2. एक मंच वीआईपी अतिथियों के लिए आरक्षित रहेगा।
3. एक मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जहां लोक कलाकार और बच्चों की प्रस्तुतियां रहेंगी।
4. चौथा मंच साधु-संतों के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है, ताकि उन्हें विश्राम और प्रवचन की सुविधा मिल सके।
भीड़ नियंत्रण और गर्मी से राहत के विशेष प्रबंध
गर्मी को ध्यान में रखते हुए पंडाल को 10 ब्लॉकों में विभाजित किया गया है, ताकि भीड़ को नियंत्रित और व्यवस्थित किया जा सके। प्रत्येक ब्लॉक में चार बड़े आकार के कूलर लगाए गए हैं, जिससे आगंतुकों को गर्मी से राहत मिल सकेगी। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक ब्लॉक में अलग-अलग अधिकारियों को निगरानी और समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे कार्यक्रम का संचालन सुचारू रूप से हो सके।