Inkhabar Haryana, CM Nayab Saini: हरियाणा के बहादुरगढ़ में शुक्रवार को माता सावित्रीबाई फुले की 193 वीं जयंती के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने सामाजिक और सांस्कृतिक उत्सव का रूप ले लिया। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी की उपस्थिति रही, जिन्होंने इस ऐतिहासिक अवसर पर लोगों को संबोधित किया और कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति से चार चांद लगाए।
कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय सब्जी मंडी में किया गया था, जहां सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग जुटने लगे थे। जैसे ही यह खबर फैली कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जनसमूह में और अधिक उत्साह देखा गया।
माता सावित्रीबाई फुले के योगदान को किया गया याद
बता दें कि, कार्यक्रम के दौरान समाज सुधारक और शिक्षा की अलख जगाने वाली माता सावित्रीबाई फुले के योगदान को बड़े सम्मान के साथ याद किया गया। वक्ताओं ने उनके जीवन संघर्ष और शिक्षा के क्षेत्र में उनके क्रांतिकारी कार्यों को रेखांकित किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि माता सावित्रीबाई फुले ने न केवल शिक्षा का प्रसार किया, बल्कि महिलाओं और दलित वर्ग के उत्थान के लिए जो प्रयास किए, वह हम सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। उनके विचार आज भी हमारे समाज को दिशा देते है।