Inkhabar Haryana, CM Nayab Saini: हरियाणा के पंचकूला स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में 7 जनवरी को राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा के सीएम नायब सैनी करेंगे। इसमें गोशालाओं के गाय, नंदी और बछड़ों के चारे के लिए करोड़ों रुपये की राशि जारी की जाएगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ उनके अतिरिक्त प्रधान सचिव साकेत कुमार और गौ सेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण कुमार गर्ग भी मौजूद रहेंगे।
चारे की नई दरें
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सैनी गोशालाओं के चारे के लिए पहले से घोषित सहायता राशि को औपचारिक रूप से जारी करेंगे। यह फैसला 1 अगस्त को लिया गया था, जब मुख्यमंत्री ने गोशालाओं में गाय, नंदी और बछड़ों के चारे के लिए दी जाने वाली राशि में बढ़ोतरी की थी।
गोशालाओं के लिए अब नंदी के चारे के लिए 25 रुपये, गाय के चारे के लिए 20 रुपये और बछड़े के चारे के लिए 10 रुपये प्रति दिन दिए जाएंगे। इस वित्तीय सहायता से राज्य की गोशालाओं को संचालन में मदद मिलेगी और पशुओं के लिए बेहतर पोषण सुनिश्चित होगा।
गौ सेवा को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता
हरियाणा सरकार गोवंश की सेवा और संरक्षण के प्रति प्रतिबद्ध है। यह कदम गोशालाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने के साथ-साथ प्रदेश में गोवंश के संरक्षण को और सुदृढ़ करेगा। गौ सेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण कुमार गर्ग ने इस फैसले को राज्य में पशुधन संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।