




Inhkabar Haryana, CM Saini News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कुरुक्षेत्र में मीडिया से बातचीत के दौरान किसानों, विकास कार्यों और कांग्रेस पर खुलकर अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री ने किसानों के दिल्ली कूच और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को लेकर चल रहे भ्रम पर अपना पक्ष स्पष्ट किया। उन्होंने कांग्रेस पर झूठे वादों और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
सीएम नायब सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की भलाई के लिए लगातार काम कर रही है। किसानों को यह कहकर बरगलाया जा रहा है कि MSP बंद हो जाएगी, जबकि सच्चाई यह है कि हमारी सरकार लगातार MSP पर फसलें खरीद रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न केवल MSP बढ़ाई है बल्कि किसानों के हित में कई योजनाएं भी लागू की हैं।
मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में हरियाणा में सभी वर्गों का ध्यान रखते हुए विकास कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि हरियाणा की जनता ने तीसरी बार भाजपा सरकार को चुना है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि पार्टी ने पिछले 55 वर्षों में झूठे वादों के अलावा कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हर वर्ग का शोषण किया है। आज उनके पास जनता को गुमराह करने के अलावा और कुछ नहीं बचा।
लाडवा विधानसभा क्षेत्र के बीड पीपली गांव में मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मैं आज पूरे दिन लाडवा क्षेत्र में गांववासियों की समस्याएं सुनता रहा। जो लोग चंडीगढ़ नहीं पहुंच सकते, उनकी समस्याओं को हल करने के लिए मैं खुद उनके बीच पहुंच रहा हूं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बीड पीपली गांव के विकास के लिए 20 लाख रुपये की घोषणा भी की हैं।




