




Inkhabar Haryana, CM Saini News: हरियाणा के जींद जिले के एकलव्य स्टेडियम में महर्षि वाल्मीकि जयंती के मौके पर राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सीएम नायब सिंह सैनी ने समारोह को संबोधित करते हुए समाज के वंचित वर्ग के लिए अपनी सरकार की जिम्मेदारी का जिक्र किया। उन्होंने भाजपा सरकार के अनुसूचित जाति के लोगों को उनके अधिकारों का लाभ देने का संकल्प लिया और अब वह वादा पूरी तरह से पूरा किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुसूचित जाति के कुछ लोग अभी भी आरक्षण के लाभ से वंचित हैं। भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें मुख्यधारा में लाने का वादा किया था और अब उनकी सरकार ने इस वादे को पूरा करते हुए आरक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए वर्गीकरण लागू किया है। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार बनने के बाद यह कदम उठाया गया है, ताकि अनुसूचित जाति के लोगों को आरक्षण का लाभ मिल सके।
समारोह में मौजूद मंत्री बेदी और विधायक कपूर सिंह ने मंच से सीएम को फूलों का गुलदस्ता देकर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सरकारी सेवाओं में सीधी भर्ती के लिए आरक्षित 20 प्रतिशत कोटे में से अब 10 प्रतिशत कोटा अनुसूचित जाति के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित कर दिया गया है।
सरकार ने सफाई कर्मचारियों का वेतन 16 हजार से बढ़ाकर 26 से 27 हजार रुपये करने का संकल्प लिया है। साथ ही, ड्यूटी के दौरान सफाई कर्मचारियों की मृत्यु होने पर पांच लाख रुपये तथा सीवरेज में काम करते समय दुर्घटना होने पर दस लाख रुपये का बीमा कवर देने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि संबंधित नगर पालिका में पांच हजार से अधिक एजेंसी कर्मियों को रोल पर लिया जाएगा। इसके अलावा, अनुसूचित जाति के छात्र जो देश के किसी भी कॉलेज में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं, उन्हें सरकार छात्रवृत्ति प्रदान करेगी। बीपीएल परिवारों के लिए गैस सिलेंडर की कीमत 500 रुपये तय की गई है। साथ ही, एक लाख रुपये से कम आय वाले 23 लाख परिवारों को हरियाणा रोडवेज की बसों में एक हजार किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है।
सीएम ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य स्तर पर महापुरुषों की जयंती मनाने की परंपरा शुरू की है। आचार संहिता के कारण भगवान वाल्मीकि जयंती का राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जा सका था, लेकिन जब शपथ ग्रहण समारोह हुआ तो उस दिन भगवान वाल्मीकि के आशीर्वाद से सीएम ने संकल्प लिया था कि भगवान वाल्मीकि का प्रकाश पर्व भव्य तरीके से मनाया जाएगा। आज उसी संकल्प को पूरा करते हुए यह भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।




