Advertisement
Advertisement
होम / Covid 19 Case in Haryana: फरीदाबाद में कोरोना के मामलों में हुई बढ़ोतरी, 3 दिनों में आए इतने मामले

Covid 19 Case in Haryana: फरीदाबाद में कोरोना के मामलों में हुई बढ़ोतरी, 3 दिनों में आए इतने मामले

BY: • LAST UPDATED : May 27, 2025
Inkhabar Haryana, Covid 19 Case in Haryana: हरियाणा के फरीदाबाद जिले में कोरोना संक्रमण एक बार फिर सिर उठाता नजर आ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को दो नए कोविड मामलों की पुष्टि हुई है, जिससे जिले में कुल संक्रमितों की संख्या पाँच हो चुकी है। बीते तीन दिनों से लगातार नए मरीज सामने आ रहे हैं, जिसने स्वास्थ्य विभाग को सतर्क कर दिया है।

लगातार बढ़ते मामलों से स्वास्थ्य विभाग सतर्क

कोरोना संक्रमण के मामलों में हालिया इजाफा स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। सोमवार को आई रिपोर्ट में दो महिलाएं पॉजिटिव पाई गईं, जिनमें से एक 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला विष्णु कॉलोनी की निवासी हैं और दूसरी 34 वर्षीय महिला पन्हेड़ा कलां गांव से हैं। दोनों में शुरुआती लक्षण बुखार और खांसी के थे, जिसके बाद इन्होंने निजी अस्पतालों में जांच कराई।

विष्णु कॉलोनी की बुजुर्ग महिला की स्थिति स्थिर

विष्णु कॉलोनी निवासी 76 वर्षीय महिला को बीते कुछ दिनों से बुखार की शिकायत थी। परिजनों ने 24 मई को उन्हें निजी अस्पताल ले जाकर कोरोना टेस्ट करवाया। 25 मई को रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में एक दिन भर्ती रखा गया। सोमवार को स्वास्थ्य में सुधार होने पर डॉक्टरों ने उन्हें डिस्चार्ज कर दिया और होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी। अच्छी बात यह रही कि उनके साथ रहने वाले चार अन्य परिजनों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

Advertisement

पन्हेड़ा कलां गांव की महिला भी संक्रमित

दूसरा मामला पन्हेड़ा कलां गांव की 34 वर्षीय महिला का है, जिन्हें बुखार, खांसी और जुकाम की शिकायत थी। उन्होंने भी निजी अस्पताल में जांच करवाई और रविवार को आई रिपोर्ट सोमवार सुबह स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त हुई। महिला को होम आइसोलेशन में भेज दिया गया है। उनके पति में कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने तेज की जांच प्रक्रिया

जिले में अचानक से बढ़े मामलों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने एक बार फिर कमर कस ली है। सोमवार से जिलेभर में कोरोना जांच का कार्य फिर से शुरू कर दिया गया है। विभाग ने एहतियातन एक हजार नई जांच किट मंगवाई हैं। चूंकि वर्तमान में आईडीएसपी लैब में मरम्मत का कार्य चल रहा है, इसलिए फिलहाल मलेरिया विभाग द्वारा टेस्टिंग की जा रही है। संभावना है कि अगले सप्ताह से आईडीएसपी लैब दोबारा कार्यशील हो जाएगी। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राम भगत ने बताया कि दोनों महिलाओं की स्थिति स्थिर है और उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि संभावित स्थिति को ध्यान में रखते हुए एक अस्थायी अस्पताल में 12 बेड कोविड संक्रमितों के लिए आरक्षित किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग संक्रमण की रोकथाम और जांच व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सतत रूप से प्रयासरत है।