Inkhabar Haryana, Covid 19 Case increase in Haryana: हरियाणा में कोरोना वायरस संक्रमण एक बार फिर से रफ्तार पकड़ता नजर आ रहा है। राज्य में लगातार दूसरे दिन नए मामलों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। वर्ष 2025 की शुरुआत में धीमी रफ्तार से बढ़ रहे संक्रमण के मामले अब सौ का आंकड़ा पार कर चुके हैं। राहत की बात यह है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और स्वास्थ्य सेवाएं सक्रिय रूप से काम कर रही हैं।
कहां से सामने आए नए मामले?
बुधवार को हरियाणा में कोरोना संक्रमण के 17 नए मामले दर्ज किए गए, जिसके बाद वर्ष 2025 में अब तक कुल मामलों की संख्या 103 तक पहुंच चुकी है। इससे एक दिन पहले मंगलवार को 16 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई थी। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 63 एक्टिव केस फिलहाल प्रदेश में मौजूद हैं, जबकि 40 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। राज्य में अब तक कोरोना से किसी भी व्यक्ति की मौत दर्ज नहीं की गई है, जो एक राहत की खबर है। सामने आए 17 नए मामलों में सबसे अधिक गुरुग्राम में 6, फरीदाबाद में 5, करनाल और पंचकूला से 2-2, तथा झज्जर और रेवाड़ी से 1-1 मरीज की पुष्टि हुई है। संक्रमण के यह मामले ऐसे समय पर आए हैं जब राज्य सरकार ने निगरानी और जांच अभियान को तेज किया है।
गुरुग्राम बना हॉटस्पॉट
अगर जिलावार स्थिति पर नजर डालें, तो गुरुग्राम में फिलहाल सबसे अधिक 23 सक्रिय मामले हैं, जिससे यह जिला सबसे अधिक प्रभावित हो गया है। इसके बाद फरीदाबाद में 14, करनाल में 11, पंचकूला में 6, झज्जर में 4, और सोनीपत तथा रेवाड़ी में 1-1 एक्टिव केस मौजूद हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने जांच अभियान को और तेज कर दिया है। बुधवार को प्रदेशभर से 484 संदिग्ध सैंपल एकत्र किए गए, जिन्हें विभिन्न प्रयोगशालाओं में जांच के लिए भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि समय पर पहचान और आइसोलेशन से संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है।
प्रशासन की अपील
राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग की ओर से नागरिकों से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की गई है। इसमें मास्क पहनना, भीड़भाड़ से बचना और हाथों की सफाई बनाए रखना शामिल है। विशेषकर सार्वजनिक स्थानों और कार्यालयों में सतर्कता बरतने को कहा गया है।