Inkhabar Haryana, Cyber Fraud Case in Faridabad: फ़रीदाबाद के बल्लभगढ़ क्षेत्र में ठगी का एक नया और चौंकाने वाला तरीका सामने आया है, जिससे स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। चावला कॉलोनी मार्केट की कई फास्ट फूड दुकानों पर अज्ञात लोगों द्वारा फर्जी क्यूआर कोड चिपकाए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। यह घटना शहर में डिजिटल लेन-देन के बढ़ते उपयोग के बीच एक गंभीर चेतावनी के रूप में देखी जा रही है।
कैसे हुआ फर्जीवाड़ा?
जानकारी के अनुसार, चावला कॉलोनी मार्केट की लगभग 25 से 30 फास्ट फूड दुकानों पर पेटीएम और फोनपे के असली क्यूआर कोड के ऊपर नकली क्यूआर कोड चिपका दिए गए। इन क्यूआर कोड्स को स्कैन करने पर भुगतान की राशि दुकानदारों के खातों में जाने के बजाय ठगों के खातों में चली जाती है। दुकानदारों ने जब ग्राहकों से हुई पेमेंट की पुष्टि करनी चाही, तब उन्हें इस धोखाधड़ी का पता चला। स्कैन करने पर क्यूआर कोड का नाम अलग-अलग व्यक्तियों के नाम से दिख रहा था, जिससे शक और पुख्ता हो गया।
देर रात को चिपकाए गए थे क्यूआर कोड
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि यह क्यूआर कोड देर रात को चुपचाप चिपकाए गए। अधिकतर दुकानदारों ने सुबह दुकान खोलते समय इन बदले हुए क्यूआर कोड को देखा। संदेह होने पर तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और इस संबंध में जांच शुरू कर दी है।
पहले भी हुई थी ऐसी घटना
गौरतलब है कि दो दिन पहले बल्लभगढ़ की छोटी सब्जी मंडी में भी ऐसी ही धोखाधड़ी की घटनाएं सामने आई थीं, जहाँ पर कई दुकानों पर फर्जी क्यूआर कोड चिपकाए गए थे। यह अंदेशा जताया जा रहा है कि यह किसी संगठित गिरोह का काम हो सकता है, जो रात के अंधेरे में बाजारों को निशाना बना रहा है।
दुकानदारों और ग्राहकों के लिए चेतावनी
इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने दुकानदारों से अपने क्यूआर कोड की नियमित जांच करने और संदेह की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की है। साथ ही ग्राहकों से भी अनुरोध किया गया है कि वे भुगतान करते समय दुकानदार से नाम और विवरण की पुष्टि अवश्य करें।