Inkhabar Haryana, Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान लोकतंत्र के इस महापर्व में दिल्ली पुलिस का एक अनोखा अंदाज देखने को मिला। पुलिसकर्मी इस बार कर्तव्य निभाने के साथ-साथ मतदाताओं का गुलाब के फूल से स्वागत कर रहे हैं, जिससे मतदान केंद्रों पर एक सकारात्मक माहौल बना हुआ है।
मतदान का महापर्व
दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर आज एक ही चरण में मतदान हो रहा है। राजधानी के 1.56 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं और कुल 700 से अधिक उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
पुलिस का अनोखा अंदाज
मतदान को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए दिल्ली पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं, लेकिन इस बार उनका तरीका थोड़ा खास है। पुलिसकर्मी मतदाताओं का गुलाब के फूल देकर स्वागत कर रहे हैं, जिससे लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मतदाताओं ने भी इस पहल की सराहना की और इसे लोकतंत्र के प्रति एक प्रेरणादायक कदम बताया।
8 फरवरी को आएंगे नतीजे
इस बार के चुनावी दंगल में प्रमुख मुकाबला AAP, BJP और कांग्रेस के बीच देखने को मिल रहा है। चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे, जिससे यह तय होगा कि दिल्ली की सत्ता किसके हाथ में जाएगी।