Inkhabar Haryana, Devender Babli on Rahul Gandhi: हरियाणा के टोहाना शहर में सोमवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री देवेंद्र बबली ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी चुनाव आयोग पर सवाल उठाकर “खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे” वाली कहावत को सच साबित कर रहे हैं।
कांग्रेस जनता का विश्वास खो चुकी- बबली
बबली ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस आज जनता का विश्वास खो चुकी है और इसी कारण तरह-तरह के मनगढ़ंत आरोप लगाने का सहारा ले रही है। उन्होंने आगे कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को अपना चुकी है और वर्ष 2047 तक भारत को विश्वगुरु बनाने के सपने की दिशा में देश मजबूती से आगे बढ़ रहा है।
तिरंगा यात्रा के दौरान ये कार्यकर्ता रहे मौजूद
इससे पहले, तिरंगा यात्रा का शुभारंभ टोहाना के भाटिया धर्मशाला से किया गया। यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष परवीन जोड़ा, महामंत्री विकास और अशोक जाखड़ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा भाटिया धर्मशाला से शुरू होकर रेलवे रोड, घंटाघर चौक, रतिया रोड और वाल्मीकि चौकी होते हुए शहीद चौक पर पहुंची। शहीद चौक पर पहुंचकर शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पमालाएं अर्पित की गईं और उनके बलिदान को नमन करते हुए यात्रा का समापन हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति के नारों और राष्ट्रीय ध्वज के साथ शहर का माहौल देशभक्ति से सराबोर रहा।