Advertisement
Advertisement
होम / Devendra Attri: उचाना में विधायक अत्री की पैदल यात्रा, चोरी की घटनाओं पर सख्त कदम, CCTV जल्द होंगे कार्यशील

Devendra Attri: उचाना में विधायक अत्री की पैदल यात्रा, चोरी की घटनाओं पर सख्त कदम, CCTV जल्द होंगे कार्यशील

BY: • LAST UPDATED : December 28, 2024
Inkhabar Haryana, Devendra Attri: उचाना शहर में जनता की समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने के उद्देश्य से उचाना विधायक देवेंद्र अत्री शनिवार सुबह स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से मिलने पहुंचे। विधायक ने रेलवे स्टेशन से लेकर अनाज मंडी तक पैदल यात्रा करते हुए व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और अन्य समस्याओं पर चर्चा की।

दुकानदारों से संवाद और समस्याओं का समाधान

विधायक देवेंद्र अत्री ने उचाना मंडी में विभिन्न दुकानदारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। व्यापारियों ने शहर में सुरक्षा के अभाव और चोरी की घटनाओं को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त की। विधायक ने आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मैं संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हूं। आपकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

सीसीटीवी कैमरों को जल्द करने का आश्वासन

विधायक अत्री ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति पर बात करते हुए बताया कि इन कैमरों को जल्द ही कार्यशील बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि डीएसपी और संबंधित अधिकारियों से बातचीत हो चुकी है। अगर फंड की कमी होती है तो मेरे फंड से भी इसे पूरा किया जाएगा। उचाना की सुरक्षा के लिए यह बेहद जरूरी है, और हम इसे प्राथमिकता से पूरा करेंगे।

Advertisement

चोरी की घटनाओं पर चर्चा

विधायक ने उचाना में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों हुई चोरी के मामलों को लेकर अधिकारियों से बातचीत की गई है। इसके अलावा, उन्होंने उन दुकानदारों से भी मुलाकात की, जिनकी दुकानों में चोरी हुई थी। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि चोरों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी। हमारा प्रयास है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

विधायक देवेंद्र अत्री ने जनता को भरोसा दिलाया कि उचाना की हर समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधाओं का ख्याल रखना उनकी जिम्मेदारी है। साथ ही, उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील भी की।