




दिग्विजय चौटाला ने कहा कि डबवाली हल्के के विधायक आदित्य चौटाला को क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए तत्परता से काम करना चाहिए। उन्होंने बताया कि जब उनके भाई दुष्यंत चौटाला राज्य सरकार में उपमुख्यमंत्री थे, तब चंडीगढ़ में जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता दी जाती थी। वर्तमान में चंडीगढ़ में हरियाणा की जनता की सुनवाई के लिए जेजेपी का कोई प्रतिनिधि नहीं होने को उन्होंने एक बड़ी गलती बताया।
दिग्विजय चौटाला ने किसानों के आंदोलन और उनकी समस्याओं पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल पिछले 20 दिनों से आमरण अनशन पर हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का हवाला देते हुए सरकार से अपील की कि किसानों की समस्याओं को हल किया जाए और सभी फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदा जाए।
हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों का विश्लेषण करते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जनता ने क्षेत्रीय दलों को अपेक्षित समर्थन नहीं दिया, जिसका प्रभाव महाराष्ट्र चुनावों में भी देखा गया। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय पार्टियां आम जनता के हित में काम करने में विफल रही हैं।




